विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस दशहरे पर अंगारे उगलेगा 120 फीट ऊंचा पुतला, आगरा में दर्शकों को रोमांचित करेगा रावण का विकराल रूप

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:35 AM (IST)

आगरा में दशहरा की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां रामलीला मैदान में 20 अक्टूबर को 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. आगरा में 20 अक्टूबर को होगा 120 फीट रावण दहन।

  2. पुतले में होंगी टिमटिमाती आंखें, चलता मुंह और अंगारे।

  3. वैश्य बोर्डिंग हाउस, कैंट में भी जलेंगे रावण पुतले।

जागरण संवाददाता, आगरा। आंखों में चमक, चेहरे पर क्रोध, मुंह से निकलती चीख और अंगारों की बरसात... इस दशहरे पर रामलीला मैदान में रावण का पुतला सिर्फ जलेगा नहीं, अपने जीवंत हाव-भाव से दर्शकों को रोमांचित भी करेगा।

असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर 20 अक्टूबर को पारंपरिक रामलीला महोत्सव में 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसकी आंखें टिमटिमाएंगी, मुंह चलेगा और अट्टहास के साथ निकलने वाली आवाज दर्शकों को लंकापति के विकराल रूप का एहसास कराएगी।

शहर में दशहरा की तैयारियां तेज हो गई हैं। रामलीला मैदान के साथ सेंट जोंस चौराहा स्थित वैश्य बोर्डिंग हाउस, आगरा कैंट रेलवे संस्थान और अन्य स्थानों पर भी रावण दहन के आयोजन होंगे।

रामलीला मैदान में रावण का विशाल पुतला तैयार करने के लिए मथुरा के कारीगर जुटे हैं। पुतला कारीगर अमीर अली ने बताया कि 120 फीट ऊंचे पुतले को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि उसकी आंखें टिमटिमाने के साथ मुंह भी चलेगा। पुतले से अंगारे निकलने और चीखने-अट्टहास करने जैसे विशेष प्रभाव दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे।

विशालकाय रावण के दहन से पहले कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। आयोजकों की तैयारी है कि इस बार पुतला दहन को भव्य और यादगार बनाया जाए।

सुनहरी मूंछें और राजसी पोशाक में दिखेगा लंकेश

सेंट जोंस चौराहा स्थित वैश्य बोर्डिंग हाउस में भी दशहरा महोत्सव के दौरान रावण दहन होगा। यहां मथुरा के मुकेश कुमार आठ साथियों के साथ पुतला तैयार कर रहे हैं। उनके अनुसार, इस बार रावण का पुतला करीब 80 फीट ऊंचा होगा। पहले जहां मूंछें काली रखी जाती थीं, वहीं इस बार उन्हें सुनहरा रंग दिया जा रहा है। पुतले को राजसी पोशाक पहनाकर डिजिटल प्रभाव दिए जाएंगे। इसकी आंखें चमकेंगी और उनमें से अंगारे निकलेंगे। आयोजन में भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।

कैंट रेलवे संस्थान में भी होगा रावण दहन

आगरा कैंट रेलवे संस्थान में भी दशहरा पर रावण के पुतले का दहन होगा। आयोजक राकेश कनौजिया के अनुसार, यहां करीब 70 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया जा रहा है। दहन के साथ आतिशबाजी भी होगी। इसके अलावा दिगनेर स्थित श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव, सैनिक नगर में गढ़वाल भ्रातृ सम्मेलन और पर्वतीय समाज के रामलीला महोत्सव में भी रावण दहन की तैयारियां की जा रही हैं।

नेहरू नगर से यमुना पार तक जलेगा रावण

शहर के विभिन्न मोहल्लों और कालोनियों में भी दशहरा पर्व पर रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। नेहरू नगर में करीब 32 फीट ऊंचा पुतला जलाया जाएगा। शाहगंज, अजीत नगर, अर्जुन नगर, साकेत कालोनी, जयपुर हाउस, लोहामंडी, तोता का ताल, कमला नगर, न्यू आगरा, बल्केश्वर, यमुना पार, राजपुर चुंगी, सुल्तानपुरा, नामनेर और छीपीटोला सहित कई क्षेत्रों में आयोजन होंगे। जगह-जगह आतिशबाजी और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच विजयादशमी का उत्साह दिखाई देगा।

बाजार में 200 से पांच हजार रुपये तक के पुतले

दशहरा पर घरों, कालोनियों और छोटे आयोजनों में रावण दहन करने वालों के लिए बाजार में भी तैयार पुतले उपलब्ध हैं। आकार और सजावट के अनुसार इनकी कीमत करीब 200 रुपये से पांच हजार रुपये तक है। लोग अपनी पसंद के मुताबिक पुतले खरीदने के साथ ऑर्डर देकर भी तैयार करा रहे हैं। घटिया, नामनेर, छीपीटोला, बोदला, शाहगंज और लोहामंडी के बाजारों में इनकी बिक्री हो रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी में दशहरे पर क्यों देखी जाती है दही-मछली? जानिए लखनऊ-कानपुर की इस अनोखी परंपरा का धार्मिक महत्व

यह भी पढ़ें- जौनसार में दशहरे पर अनोखी परंपरा, रावण दहन नहीं... पश्चाताप के लिए होता है युद्ध