खेत से तरबूज तोड़ा तो बच्चे की कर दी हत्या, आगरा में जघन्य हत्याकांड, हिंदू-मुस्लिम टकराव पर फोर्स सतर्क
आगरा के जगनेर में तरबूज तोड़ने के विवाद में 14 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
संवाद सूत्र, जगनेर (आगरा)। तरबूज तोड़ने के विवाद में रंधीरपुरा गांव में मासूम की धारदार हथियार से सनसनीखेज हत्या कर दी गई। किशोर का शव गांव से एक किलोमीटर दूर चकमार्ग के किनारे पड़ा मिला। पास से ही तरबूज काटने का चाकू भी बरामद हुआ है।
किशोर का शव देखकर ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया और उन्होंने चार घंटे तक शव नहीं उठने दिया। स्वजन के साथ ग्रामीण चकमार्ग पर ही बैठ गए और जमा लगा दिया। स्वजन ने किशोर की आंख निकालने का भी आरोप लगाया।
स्वजन आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठने की मांग पर अड़े थे। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर शव उठ सका। पुलिस की पांच टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।
गांव रंधीरपुरा निवासी नरेश कुशवाह का 14 वर्षीय पुत्र धन्ना उर्फ छोटू शुक्रवार दोपहर 12 बजे तरबूज लाने की बात कहकर घर से निकाला था। शाम तक जब वह वापस नहीं आया तो स्वजन ने तलाश शुरू की।
गांव से एक किलोमीटर दूर सोनीखेड़ा बांध के पास चकमार्ग पर शुक्रवार शाम पांच बजे छोटू का शव खून से लथपथ हालत में बहन भोला ने पड़ा देखा। बहन की चीख सुनकर किशाेर की तलाश में जुटे ग्रामीण और स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।
किशोर के सिर, चेहरे, कान पर धारदार हथियार के निशान थे। पास में ही तरबूज काटने वाला चाकू भी पड़ा मिला। विलाप करते हुए स्वजन चकमार्ग पर ही बैठ गए। इस बीच ग्रामीणों ने भी वहां से गुजरने वाले वाहनों को रोककर जाम लगा दिया।
जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। जानकारी होने ने एसीपी प्रीता दुबे के अलावा 10 थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड ने जांच की।
डाॅग स्क्वायड आसपास घूमने के बाद लौट आया। स्वजन ने आरोप लगाया कि मेरठ के मुस्लिम परिवार गांव में खेत किराए पर लेकर तरबूज और खरबूज की खेती करते हैं। इन्होंने बेटे की निर्मम तरीके से हत्या की है। पिता ने बेटे की एक आंख निकालने का भी आरोप लगाया है।
हत्या के पर्दाफाश के लिए पश्चिम जोन की एसओजी, सर्विलांस के साथ ही पांच टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगाई गई हैं। वहीं हिंदू मुस्लिम टकराव की आशंका को देखते हुए फोर्स तैनात किया है।
बेटे का शव देखकर माता-पिता हुए बेसुध
चकरोड किनारे पड़े बेटे का शव देखकर घर में कोहराम मच गया। भाई-बहन बदहवास हो गए। पिता नरेश कुशवाह व मां कमलेश देवी बेसुध हो गईं। किसी तरह ग्रामीणों ने उन्हें संभाला।
ग्रामीणों ने बताया कि नरेश मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरणपोषण कर रहे हैं। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। छोटू चार बहन व तीन भाइयों में सबसे छोड़ा था।
यह भी पढ़ें- तरबूज तोड़ने की सजा, हत्या कर निकाली आंख, तनाव और पुलिस फोर्स के बीच किशोर का अंतिम संस्कार
