आगरा में कमीशनखोरी के लिए रिपोर्ट में हेराफेरी करने वालों पर कसेगा शिकंजा, 135 पैथोलॉजी लैब का होगा ऑडिट
आगरा में पैथोलॉजी लैब और डॉक्टरों द्वारा कमीशनखोरी व रिपोर्ट में हेराफेरी पर स्वास्थ्य विभाग शिकंजा कसेगा। सीएमओ के नेतृत्व में सभी 135 लैबों की रिपोर्ट का ऑडिट होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
आगरा में कमीशनखोरी व रिपोर्ट हेराफेरी पर स्वास्थ्य विभाग सख्त।
सभी 135 पैथोलॉजी लैब की रिपोर्ट का होगा ऑडिट।
गलत रिपोर्ट देने वाली लैब व डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, आगरा। पैथोलॉजी लैब में जांच कराने पर कमीशन का लिफाफा लेने और देने वाले चिकित्सकों पर शिकंजा सकेगा। लैब की रिपोर्ट के आधार मानते हुए नमूने लेकर दूसरी लैब में जांच कराई जाएगी।
डेंगू, प्लेटलेट काउंट से लेकर कैंसर की अलग-अलग लैब में जांच में अंतर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जांच करने वाले और कराने वाले चिकित्सकों को भी नाेटिस जारी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने पहली बार पैथोलॉजी लैब की रिपोर्ट का ऑडिट कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में 135 पैथोलॉजी लैब हैं। जिस लैब से कमीशन मिलता है चिकित्सक उसी लैब पर जांच कराने के लिए मरीज भेजते हैं। वहीं, कई मामलों में गैर जरूरी जांच भी करा दी जाती हैं, बुखार के मरीजों में पहले 24 घंटे में कोई जांच नहीं करानी चाहिए। इसके बाद भी डेंगू, टाइफाइड, मलेरिया के साथ ही प्लेटलेट की जांच कराई जा रही है। जिससे कमीशन के लिफाफे का वजन बढ़ जाए। कमीशन भी 30 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत तक हो गया है।
चिकित्सक के बिना लैब संचालित कर रहे टेक्नीशियन भी ज्यादा कमीशन देने और मोटा कमाई करने के लिए रिपोर्ट भी मनमाफिक दे देते हैं। रिपोर्ट की गुणवत्ता भी ठीक नहीं होती है। ऐसे लैबों के संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले की सभी 135 लैब का ऑडिट कराया जाएगा।
टीम लैब की तीन से पांच रिपोर्ट लेगी, संचालक से उसके नमूने लिए जाएंगे। इन नमूलों की एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल के साथ ही अन्य लैब में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट में अंतर मिलने पर तीसरे लैब में जांच कराई जाएगी। दो लैब की रिपोर्ट एक जैसी आने पर तीसरे लैब जिसकी रिपोर्ट में अंतर होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आईसीयू की जांच पूरी होने के बाद लैब की जांच शुरू की जाएगी।
बुखार के मरीजों की जांच, निजी लैब के रेट, जांच किट की कीमत
- डेंगू एनएस वन जांच, 500 से 600 रुपये, 40 से 50 रुपये प्रति किट
- कम्प्लीट डेंगू प्रोफाइल (एनएस वन, आइजीएम, आइजीजी), 1000 से 1200 रुपये, 90 से 100 रुपये
- मलेरिया की जांच, 300 से 350 रुपये, 50 रुपये
- टाइफाइड की जांच, मलेरिया की जांच, 300 से 350 रुपये, 50 रुपये
बुखार आने के कितने दिन बाद जांच कराने पर आती है सही रिपोर्ट
- डेंगू एनएस वन, 24 घंटे के बाद
- डेंगू आईजीएम, पांच दिन के बाद
- मलेरिया की जांच, 24 घंटे बाद
- टाइफाइड एस टाईफी जांच, 8 दिन बाद
यह भी पढ़ें- आगरा की रेखा देवी ने ड्रोन से खेती में रचा इतिहास, प्रधानमंत्री मोदी ने भी सराहा