विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

US Open 2025: अलकराज ने रोका नोवाक जोकोविक का विजयी रथ, फाइनल में पुराने 'दुश्मन' से होगी टक्कर

Published: Sat, 06 Sep 2025 09:16 AM (IST)

स्पेन के कार्लोस अलकराज ने यूएस ओपन के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविक को हराकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने जोकोविक ...और पढ़ें

कार्लोस अलकराज ने नोवाक जोकोविक को दी मात
कार्लोस अलकराज ने नोवाक जोकोविक को दी मात

HighLights

  1. यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे कार्लोस अलकराज
  2. सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविक को दी मात
  3. जोकोविक को सीधे सेटों में हराया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। विश्व के नंबर-2 खिलाड़ी कार्लोस अलकराज ने साल के चौथे ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में दिग्गज नोवाक जोकोविक को पटखनी दे उनका विजयी रथ रोक दिया। 22 साल के अलकराज ने 38 साल के जोकोविक को सीधे सेटों में 6-4 7-6 (7-4) 6-2 से पटखनी दे फाइनल में जगह बनाई।

शुरुआती दो सेटों में तो सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविक अपने अनुभव से युवा खिलाड़ी को टक्कर देते और परेशान करते हुए भी नजर आए, लेकिन तीसरे सेट में थकावट के कारण वह ज्यादा चुनौती पेश नहीं कर सके। जोकोविक के खेल में थकावट का असर साफ दिख रहा था जिसका फायदा अलकराज उठा ले गए।

फाइनल में इनसे होगी टक्कर

फाइनल में अलकराज का सामना इटली के यानिक सिनर से होगा जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में कनाडा के फेलिक्स एगुर एलिसमिने को हराया है। चार सेटों तक चले इस मुकाबले में सिनर ने 6-1, 3-6, 6-3, 6-4 से जीत हासिल की। सिनर के लिए अलकराज को हराना आसान नहीं होगा। स्पेन के इस खिलाड़ी ने लगातार दो बार फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया है और 2024 में विंबलडन का खिताब जीत चुके हैं।

हालांकि, सिनर और अलकराज के बीच इस साल के विंबलडन का फाइनल भी खेला गया था जिसमें इटली के खिलाड़ी ने जीत हासिल की थी। दोनों के बीच हालिया मुकाबला सिनसिनाटी ओपन का फाइनल था जिसमे अलकराज विजयी हुए थे। यूएस ओपन के फाइनल में अलकराज विंबलडन की हार का बदला लेना चाहेंगे। दोनों के बीच अभी तक 14 मैच हुए जिनमें अलकराज के हिस्से नौ में जीत आई है जबकि सिनर पांच बार विजयी बने हैं।

दांव पर होगा नंबर-1 का खिताब

यूएस ओपन का फाइनल इन दोनों के लिए सिर्फ फाइनल नहीं होगा क्योंकि इस मैच को जो जीतेगा वो नंबर-1 की कुर्सी भी हासिल करेगा। सिनर इस साल सभी चारों ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं। खिताबी मुकाबले में अलकराज के साथ खेलने पर उन्होंने कहा, "रविवार का दिन शानदार रहने वाला है। ये एक शानदार फाइनल होगा। हम देखते हैं कि क्या होता है। मुझे लगता है कि हमारी प्रतिद्वंद्विता यहां एक शानदार मैच से शुरू हुई थी। अब हम दो अलग खिलाड़ी हैं। हम एक दूसरे के खिलाफ काफी खेले हैं और एक दूसरे को अच्छे से जानते हैं।"

यह भी पढ़ें- US Open: सबालेंका और अनिसिमोवा में होगी खिताबी भिड़ंत, दोनों का लगातार दूसरा फाइनल

यह भी पढ़ें- US Open: सेमीफाइनल में थमा भांबरी का सफर, ब्रिटिश जोड़ी ने दी मात