विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों को स्मार्टफोन से रखें दूर: खेल-खेल में नई चीजें सिखाएंगे टेक्नोलॉजी वाले ये 6 खास खिलौने

By Santosh AnandEdited By: Subhash Gariya
Published: Wed, 25 Nov 2026 01:30 PM (IST)

बच्चों को स्मार्टफोन देने के बजाय ऐसे टेक्नोलॉजी खिलौने दें जो उन्हें खेल-खेल में नई चीजें सीखने और रचनात्मकता बढ़ाने का मौका दें। ये खिलौने बच्चों को साइंस, मैथ्स, इंजीनियरिंग और कोडिंग की शुरुआती समझ विकसित करने में मदद करते हैं।

बच्चों को स्मार्टफोन से दूर रखने के लिए दें टेक्नोलाजी खिलौने

बच्चों को स्मार्टफोन से दूर रखने के लिए दें टेक्नोलाजी खिलौने

HighLights

  1. स्मार्टफोन की जगह टेक्नोलाजी खिलौने बच्चों को सीखने का मौका देते हैं।

  2. कोडिंग रोबोट, सर्किट किट STEM कौशल विकसित करने में सहायक हैं।

  3. उम्र और रुचि के अनुसार खिलौने चुनें, स्क्रीन टाइम सीमित रखें।

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। आजकल बच्चों को स्मार्टफोन देना पैरेंट्स के लिए काफी आसान हो गया है। बच्चा रो रहा हो, खाना न खा रहा हो या किसी काम में परेशान कर रहा हो, तो उसे चुप कराने के लिए अक्सर मोबाइल थमा दिया जाता है। शुरुआत में यह तरीका सुविधाजनक लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे बच्चा मोबाइल पर वीडियो देखने, गेम खेलने और लगातार स्क्रीन यूज करने का आदी हो जाता है। इसका असर न सिर्फ उसकी सेहत, बल्कि पढ़ाई और व्यवहार पर भी पड़ने लगता है।

बच्चों को स्मार्टफोन से दूर रखना क्यों जरूरी?

स्मार्टफोन में बच्चों के लिए मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन लगातार स्क्रीन देखने की आदत कई तरह की परेशानियां पैदा कर सकती है। मोबाइल पर वीडियो और गेम देखते हुए बच्चे लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहते हैं। इससे उनकी शारीरिक गतिविधियां कम होती हैं और खेलकूद के लिए समय नहीं मिल पाता है। कम उम्र में शारीरिक गतिविधि न होना उनकी फिटनेस और विकास के लिए अच्छा नहीं है। लगातार वीडियो देखने और गेम खेलने से उनकी आंखों में थकान, सूखापन और सिरदर्द जैसी परेशानियां हो सकती हैं। सोने से पहले मोबाइल का उपयोग करने से नींद भी प्रभावित हो सकती है।

तेजी से बदलते वीडियो और कंटेंट देखने की आदत बच्चों के ध्यान और व्यवहार पर असर डाल सकती है। वहीं कुछ बच्चे मोबाइल बंद करने पर चिड़चिड़े हो जाते हैं। साथ ही, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से उन्हें दूसरे बच्चों के साथ खेलने, बातचीत करने और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेने का कम मौका मिलता है। इसलिए बच्चों का स्क्रीन टाइम सीमित रखना और उन्हें दूसरे खेलों के लिए प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है।

बच्चों के लिए टेक टॉय

इलेक्ट्रानिक सर्किट किट : बच्चों को इलेक्ट्रॉनिक्स से परिचित कराने के लिए सर्किट किट अच्छा विकल्प हो सकती हैं। इनमें बैटरी, स्विच, तार, रेजिस्टर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट दिए जाते हैं। बच्चे इन हिस्सों को जोड़कर छोटे-छोटे सर्किट बना सकते हैं। कुछ किट की मदद से वे लाइट जलाने, अलार्म बजाने या छोटे रेडियो जैसे प्रोजेक्ट तैयार कर सकते हैं। इन खिलौनों की खास बात यह है कि बच्चों को पहले से तैयार डिवाइस का उपयोग करने के बजाय खुद उसके काम करने का तरीका समझने का मौका मिलता है। वे सीखते हैं कि सर्किट में अलग-अलग कंपोनेंट किस तरह जुड़े होते हैं और किसी हिस्से के गलत तरीके से जुड़ने पर क्या समस्या आ सकती है। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक किट चुनते समय बच्चे की उम्र के अनुसार मॉडल लें और जरूरत पड़ने पर किसी बड़े की निगरानी में उपयोग करें।

कोडिंग रोबोट : बच्चों के लिए कोडिंग रोबोट भी एक दिलचस्प विकल्प हैं। कुछ रोबोट रंगीन कार्ड या मैट पर बने संकेतों के आधार पर चलते हैं। बच्चे अलग-अलग रंगों को एक क्रम में रखकर रोबोट को आगे बढ़ने, रुकने या मुड़ने का निर्देश दे सकते हैं। इस तरह छोटे बच्चे बिना स्क्रीन के भी कोडिंग के शुरुआती कांसेप्ट समझ सकते हैं। बड़े बच्चों के लिए ऐसे रोबोट उपलब्ध हैं, जिन्हें मोबाइल या टैबलेट एप से कंट्रोल किया जा सकता है। इनमें बच्चे कमांड और कोडिंग ब्लाक्स की मदद से रोबोट की गतिविधियां तय कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, रोबोट को किसी खास रास्ते पर चलाना, आवाज निकालना या बाधा आने पर दिशा बदलना सिखाया जा सकता है। इससे बच्चों में लॉजिक, समस्या सुलझाने और नई चीजें बनाने की क्षमता विकसित हो सकती है।

इंटरैक्टिव कंस्ट्रक्शन किट : कुछ खिलौनों में बच्चे पहले किसी चीज को खुद बनाते हैं और फिर उसका उपयोग करते हैं। उदाहरण के लिए, कार्डबोर्ड कंस्ट्रक्शन किट में दिए गए हिस्सों को जोड़कर कार का स्टीयरिंग, पेडल या दूसरी स्ट्रक्चर बनाई जा सकती हैं। कुछ किट को गेमिंग डिवाइस के साथ जोड़कर भी उपयोग किया जा सकता है। ऐसे खिलौनों में बच्चों को निर्देश पढ़ने, हिस्सों को सही तरीके से जोड़ने और तैयार मॉडल को चलाकर देखने का मौका मिलता है। इससे उनकी हाथों से काम करने की क्षमता, धैर्य और डिजाइन को समझने की आदत बेहतर हो सकती है।

लॉजिक और पजल गेम्स : बच्चों के लिए ऐसे पजल गेम्स काफी उपयोगी हो सकते हैं, जिनमें उन्हें किसी समस्या को साल्व करना होता है। उदाहरण के लिए, ट्रैफिक जाम वाली पहेली में बच्चे को बोर्ड पर मौजूद दूसरी कारों को सही दिशा में खिसकाकर लाल कार के लिए रास्ता बनाना होता है। इसे हल करने के लिए बच्चे को पहले से सोचना पड़ता है कि कौन-सी कार कहां जाएगी और किस क्रम में उसे आगे बढ़ाना है। इसी तरह प्रोग्रामिंग की शुरुआती समझ विकसित करने वाले बोर्ड गेम भी उपलब्ध हैं। इनमें बच्चे रंगों और संकेतों वाले कार्ड की मदद से किसी किरदार या रोबोट को तय रास्ते पर आगे बढ़ाते हैं। इस दौरान वे कमांड, क्रम और गलती सुधारने जैसे कोडिंग के बेसिक कांसेप्ट खेल-खेल में समझ सकते हैं। ऐसे गेम छोटे बच्चों के लिए पैरेंट्स के साथ खेलने का अच्छा विकल्प हो सकते हैं।

बिल्डिंग ब्लाक्स : बच्चों को ब्लाक्स से घर, टावर और अलग-अलग शेप्स बनाना पसंद होता है। अब साधारण ब्लाक्स के अलावा मैग्नेटिक बिल्डिंग टॉय भी आते हैं। इनमें चुंबक की मदद से अलग-अलग आकार के टुकड़े आपस में जुड़ जाते हैं। बच्चे इनकी मदद से पुल, टावर, घर और दूसरी संरचनाएं बना सकते हैं। इस तरह के खिलौनों से बच्चों को ज्योमेट्री, आकार और संतुलन जैसी चीजों की शुरुआती जानकारी मिलती है। वे यह भी सीखते हैं कि किसी संरचना को मजबूत बनाने के लिए टुकड़ों को किस तरह जोड़ना चाहिए। शुरुआत में बच्चे साधारण डिजाइन बना सकते हैं, जबकि बड़े होने पर वे ज्यादा जटिल मॉडल तैयार कर सकते हैं।

गियर और मार्बल रन टॉय : गियर वाले खिलौनों में अलग-अलग आकार के पहिए और जोड़ने वाले हिस्से होते हैं। बच्चे इन्हें एक-दूसरे से जोड़कर ऐसी संरचनाएं यानी स्ट्रक्चर बना सकते हैं, जिनमें एक गियर घूमने पर दूसरा भी घूमता है। इस प्रक्रिया से उन्हें गति, दिशा और मशीनों के काम करने के तरीके की शुरुआती जानकारी मिलती है।

वहीं मार्बल रन टॉय में रंगीन ट्रैक और रास्ते जोड़कर गेंद के लिए एक पूरा रूट तैयार किया जाता है। बच्चे अलग-अलग ऊंचाई और ढलान वाले रास्ते बनाते हैं और देखते हैं कि गेंद किस तरह नीचे तक पहुंचती है। इससे उन्हें गुरुत्वाकर्षण, गति और परिणाम के संबंध को समझने का मौका मिलता है। साथ ही, वे अपनी बनाई संरचना में बदलाव करके उसे बेहतर बनाने की कोशिश भी करते हैं।

टेक टॉय देने से पहले रखें ध्यान

बच्चों के लिए टेक्नोलॉजी वाले खिलौने खरीदते समय सबसे पहले उनकी उम्र और रुचि को ध्यान में रखें। छोटे बच्चों के लिए बड़े और सेफ टॉय चुनें, जबकि बड़े बच्चों को सर्किट किट और कोडिंग रोबोट जैसे विकल्प दिए जा सकते हैं। खिलौने पर दी गई उम्र संबंधी जानकारी और सुरक्षा निर्देश जरूर पढ़ें। साथ ही, यह भी देखें कि खिलौने को उपयोग करने के लिए इंटरनेट, मोबाइल या किसी एप की जरूरत तो नहीं है। अगर खिलौना एप के जरिए चलता है, तो बच्चे को बिना निगरानी के लंबे समय तक स्क्रीन का उपयोग न करने दें। छोटे बच्चों के लिए ऐसे खिलौने बेहतर हो सकते हैं, जिन्हें बिना स्क्रीन के खेला जा सके। साथ ही, खिलौने में उपयोग होने वाली बैटरी, छोटे हिस्सों और चुंबक से जुड़े सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

बच्चों को मोबाइल से दूर रखने का तरीका

बच्चों को स्मार्टफोन से दूर रखने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें टेक्नोलॉजी से पूरी तरह अलग कर दिया जाए। जरूरत इस बात की है कि वे तकनीक का उपयोग सिर्फ वीडियो देखने और गेम खेलने के बजाय कुछ नया सीखने और बनाने के लिए करें। पैरेंट्स बच्चों के साथ पजल सुलझा सकते हैं, बिल्डिंग ब्लॉक्स से मॉडल बना सकते हैं या रोबोट को कमांड देने जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। ध्यान रखें कि कोई भी टेक टॉय स्मार्टफोन की लत का अपने आप इलाज नहीं है। बच्चों के लिए स्क्रीन टाइम की उचित सीमा तय करना, आउटडोर खेलों को बढ़ावा देना, किताबें पढ़ना और परिवार के साथ समय बिताना भी जरूरी है। जब बच्चों को खेलने के कई दिलचस्प विकल्प मिलेंगे, तो वे धीरे-धीरे मोबाइल के अलावा दूसरी गतिविधियों में भी रुचि लेने लगेंगे।

यह भी पढ़ें- स्पीड कैमरा के पीछे की टेक्नोलॉजी: गाड़ी स्लो करने पर भी क्यों कट जाता है चालान? ज्यादातर लोग नहीं जानते


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।