यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ये कारण जानकर आप भी खरीदना पसंद करेंगे रिफ्रबिश्ड लैपटॉप, नहीं होगा घाटे का सौदा
हम अक्सर ये सोचते हैं कि काश हमारे लैपटॉप का प्रोसेसर ज्यादा बेहतर होता तो कितना अच्छा होता या फिर हम अपनी जरूरतों के हिसाब से अपने लैपटॉप में हार्डवेयर चाहते हैं तो रिफ्रबिश्ड लैपटॉप हमारे लिए एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है

नई दिल्ली (टेक डेस्क)। अक्सर लोग लैपटॉप खरीदते समय किसी भी बड़े ब्रांड का लैपटॉप खरीदना पसंद करते हैं। डेस्कटॉप की तरह लोग असेंबल किया हुआ या फिर रिफ्रबिश्ड किया हुआ लैपटॉप खरीदना नहीं पसंद करते हैं। लेकिन, आपको हम आज ऐसे कारण बताने जा रहे हैं जिसको जानकर आप इस रिफ्रबिश्ड लैपटॉप खरीदना पसंद करेंगे।
हम अक्सर ये सोचते हैं कि काश हमारे लैपटॉप का प्रोसेसर ज्यादा बेहतर होता तो कितना अच्छा होता या फिर हम अपनी जरूरतों के हिसाब से अपने लैपटॉप में हार्डवेयर चाहते हैं तो रिफ्रबिश्ड लैपटॉप हमारे लिए एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। क्योंकि हम अपने लैपटॉप को इससे अपने हिसाब से कस्टमाइज्ड करवा सकते हैं। आइए, जानते हैं वो कौन से कारण हैं जिसकी वजह से रिफ्रबिश्ड या असेंबल किया हुआ लैपटॉप आपके लिए घाटे का सौदा नहीं होगा।
कई चरण में की जाती है गुणवत्ता की टेस्टिंग
रिफ्रबिश्ड लैपटॉप की भी कई चरणों में गुणवत्ता की टेस्टिंग की जाती है। इन लैपटॉप्स में लगाए जाने वाले हार्डवेयर को इसमें इंस्टॉल करके टेस्ट किया जाता है ताकि यूजर्स को इसे खरीदने के बाद किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इन लैपटॉप में मुख्य रूप से पाए जाने वाले हार्डवेयर की बात करें तो इसमें रैम, प्रोसेसर, कैपेसिटर्स, स्क्रीन, पावर सप्लाई (SMPS) आदि की कई बार जांच की जाती है। आपको यह पता होना चाहिए की सभी रिफ्रबिश्ड लैपटॉप पुराने नहीं होते हैं।
रिफ्रबिश्ड लैपटॉप अंदर से लेकर बाहर तक होते हैं साफ
अगर किसी पुराने लैपटॉप को दोबारा कस्टमाइज्ड किया जाता है तो उसे अंदर और बाहर तक पुरी तरह से साफ किया जाता है। क्योंकि, लैपटॉप में गंदगी की वजह से ही ज्यादातर परेशानी आती हैं और लैपटॉप खराब होने का खतरा रहता है। इन लैपटॉप्स को बिलकुल नए लैपटॉप की तरह ही साफ करके तैयार किया जाता है। इन लैपटॉप में इंस्टॉल किए गए सभी हार्डवेयर को अच्छी तरह से साफ किया जाता है।
रिफ्रबिश्ड का मतलब पुराना नहीं
रिफ्रबिश्ड लैपटॉप का मतलब पुराना नहीं होता है। इसका मतलब होता है कि किसी भी लैपटॉप को अपने इस्तेमाल के हिसाब से कस्टमाइज्ड करना या फिर यूं कह सकते हैं कि रिडेकोरेट करना। इन लैपटॉप्स में से प्रोसेसर के अलावा कई हार्डवेयर को बदला जाता है। इन हार्डवेयर्स में स्क्रीन, स्पीकर्स, वेबकैम, माइक्रोफोन्स, की-बोर्ड्स और कनेक्टर आदि शामिल है।
कम कीमत
रिफ्रबिश्ड या कस्टमाइज्ड लैपटॉप की सबसे बढ़िया बात यह है कि आप इसे कम कीमत में खरीद सकते हैं। इन लैपटॉप्स में आपके हिसाब से हार्डवेयर होते हैं साथ ही इनकी कीमत भी किसी ब्रांड न्यू लैपटॉप से काफी कम होता है। इन लैपटॉप को आप 70 फीसद सस्ते में खरीद सकते हैं।