यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Google पर फिर उठे सवाल, ट्रंप के बाद इमरान खान भी हुए 'सर्च' इंजन का शिकार
भिखारी लिखने पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की फोटो आ रही है

नई दिल्ली (टेक डेस्क)। दुनिया की जानी मानी सर्च इंजन कंपनी Google इन दिनों सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले ही अमेरिकी संसद ने Google के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई से 'इडियट' सर्च करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो आने पर सवाल किए थे। अब एक नया मामला सामने आया है जिसमें 'भिखारी' लिखने पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की फोटो आ रही है।
इस बात को लेकर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया गया है जिसमें Google के सीईओ सुंदर पिचाई को समन भेजने और पूछताछ करने की बात कही गई है। इस बात की जानकारी पाकिस्तान के वाघा की एक पत्रकार नाइला इनायत ने एक ट्वीट के जरिए दी है। पाकिस्तान के पंजाब की विधानसभा ने सुंदर पिचाई से पूछा कि सर्च इंजन पर ‘भिखारी’ शब्द सर्च करने पर इमरान खान की तस्वीर सामने क्यों आती है?
अभी हाल ही में सुंदर पिचाई को अमेरिकी संसद में पेश होकर 'इडियट' शब्द सर्च करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर आने पर सफाई देनी पड़ी है। सुंदर पिचाई ने अमेरिकी संसद में सफाई देते हुए कहा था कि Google का सर्च इंजन एल्गोरिदम और रिजल्ट देने के लिए कई फैक्टर पर काम करता है। इसके बाद मिलते-जुलते टॉपिक, लोकप्रियता आदि का विश्लेषण करने के बाद बेस्ट रिजल्ट दिखाता है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान इन दिनों आर्थिक संकट से गुजर रहा है जिसकी वजह से देश की अर्थव्यवस्था को सही तरीके से चलाने के लिए पाकिस्तान कर्ज लेने की कोशिश कर रहा है। पिछले दिनों इमरान खान ने आर्थिक मदद के लिए कई देशों को दौरा भी किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इमरान खान के memes भी शेयर किए गए थे।