OPPO A12 ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन साइट पर हुआ लिस्ट, जल्द हो सकता है लॉन्च
OPPO A12e के लॉन्च के बाद अब OPPO A12 को सर्टिफिकेशन साइट पर स्पॉट किया गया है यह स्मार्टफोन MediaTek Helio P35 प्रोसेसर से लैस हो सकता है (फोटो साभार OPPO)
नई दिल्ली, टेक डेस्क। OPPO ने पिछले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय मार्केट में A सीरीज के तहत अपना नया स्मार्टफोन OPPO A12e पेश किया था। जो कि वियतनाम में लॉन्च किया जा चुका है और जल्द ही भारत समेत अन्य देशों में भी दस्तक दे सकता है। वहीं अब इस सीरीज के एक और स्मार्टफोन OPPO A12 से जुड़ी नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसके मुताबिक लॉन्च से पहले OPPO A12 ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन साइट पर स्पॉट किया गया है। इससे पहले ये थाईलैंड की सर्टिफिकेशन साइट NTBC पर लिस्ट किया जा चुका है।
Mysmartprice वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार OPPO A12 सर्टिफिकेशन साइट Bluetooth SIG पर लिस्ट किया गया है। जहां यह फोन मॉडल नंबर CPH2083 नाम से लिस्ट है और यहां दी गई जानकारी के अनुसार इसे 2.0GHz MediaTek octa-core प्रोसेसर पर पेश किया जा सकता है। फोन में 6.22 इंच का एचडी+ डिस्प्ले दिया जाएगा।
वहीं OPPO A12 में पावर बैकअप के लिए 4,230mAh की बैटरी उपलब्ध होगी। जबकि ColorOS 6.1.2 स्कीन पर आधारित यह फोन 4G और 5G बैंड को सपोर्ट करेगा। अन्य फीचर्स के तौर पर OPPO A12 में वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दिया जाएगा। फोन को आकार 155.9 x 75.5 x 8.3mm और वजन 165 ग्राम होगा। यह ब्लू डायमंड कट वेरिएंट में दस्तक दे सकता है। हालांकि फोन में फास्ट चार्जिंग सपोर्ट होगा या नहीं इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
फोटोग्राफी के लिए OPPO A12 में ड्यूल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें f/2.2 के साथ 13MP का प्राइमरी सेंसर और f/2.4 के साथ 2MP का सेकेंडरी सेंसर उपलब्ध होगा। जबकि वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए इसमें 5MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। फोन को दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया जा सकता है। एक वेरिएंट में 3GB रैम + 32GB स्टोरेज और दूसरे मॉडल में 4GB रैम + 64GB स्टोरेज उपलब्ध होगी।