एयर प्यूरीफायर में भी होने लगा AI का इस्तेमाल, कैसे पहले से ज्यादा स्मार्ट होंगे ये डिवाइस?
अगर आप भी घर या आफिस के लिए नया एयर प्यूरीफायर खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसमें मिलने वाले ...और पढ़ें

स्मार्ट एयर प्यूरीफायर : एआई और एडवांस सेंसर से पाएं स्वच्छ हवा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। सर्दी की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक लेवल तक पहुंच जाता है। ऐसे में घर के अंदर की हवा को साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर की जरूरत भी बढ़ने लगी है। पहले जहां इन डिवाइस का मुख्य काम हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को फिल्टर करना था, वहीं अब इनमें कई स्मार्ट फीचर्स भी मिलने लगे हैं। लेटेस्ट एयर प्यूरीफायर में AI तकनीक, रियल टाइम एयर क्वालिटी मानिटरिंग, ऑटो मोड, मोबाइल एप कंट्रोल और स्मार्ट होम कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स दिए जा रहे हैं। इनकी मदद से एयर प्यूरीफायर कमरे की हवा की गुणवत्ता के अनुसार अपनी सेटिंग्स बदल सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सफाई की गति भी बढ़ा सकते हैं। हालांकि सिर्फ नए फीचर्स होना ही किसी एयर प्यूरीफायर को बेहतर नहीं बनाता है। यह जानना भी जरूरी है कि कौन-सा फीचर किस काम आता है और उसका सही तरीके से उपयोग कैसे किया जाए।
नए और स्मार्ट फीचर
AI एयर प्यूरीफायर
एयर प्यूरीफायर में आ रहा AI फीचर इसे पहले से ज्यादा स्मार्ट बना रहा है। सामान्य मॉडल में यूजर को खुद फैन स्पीड या मोड चुनना पड़ता है, जबकि AI आधारित मॉडल आसपास की हवा की क्वालिटी और उपलब्ध डाटा के आधार पर अपने काम करने के तरीके को बदल सकते हैं। उदाहरण के लिए, कुछ एयर प्यूरीफायर में AI प्लस क्लीन फीचर दिया गया है, जो घर के अंदर और बाहर की एयर क्वालिटी से जुड़ी जानकारी का विश्लेषण करके प्रदूषण का अनुमान लगा सकता है। इसके बाद जरूरत के अनुसार, प्यूरीफिकेशन शुरू करता है।
उपयोग का तरीका: अगर आपके एयर प्यूरीफायर में AI मोड उपलब्ध है, तो सबसे पहले उसे मोबाइल एप या डिवाइस के कंट्रोल पैनल से सक्रिय करना होगा। इसके बाद एप में उपलब्ध एयर क्वालिटी और आटोमेशन सेटिंग्स को अपनी जरूरत के अनुसार चुनें। ध्यान रखें कि AI फीचर का काम और उसे सक्रिय करने का तरीका अलग-अलग कंपनियों के मॉडल में अलग हो सकता है।
रियल टाइम एयर क्वालिटी सेंसर
अब कई एयर प्यूरीफायर में पीएम 2.5, पीएम 1.0 और गैस सेंसर दिए जा रहे हैं। इनकी मदद से डिवाइस कमरे में मौजूद प्रदूषण के स्तर की निगरानी करता है। कुछ मॉडल में एयर क्वालिटी को रंगों के जरिए दिखाया जाता है। आमतौर पर हरा रंग बेहतर हवा, पीला या नारंगी मध्यम स्तर और लाल रंग ज्यादा प्रदूषण का संकेत देता है। हालांकि रंगों का मतलब मॉडल के अनुसार अलग हो सकता है।
उपयोग का तरीका: एयर प्यूरीफायर को आन करने के बाद उसके डिस्प्ले या इंडिकेटर पर नजर रखें। अगर हवा की गुणवत्ता खराब दिख रही है, तो पंखे की गति बढ़ा सकते हैं या आटो मोड चालू कर दें। कुछ मॉडल में पीएम 1.0 सेंसर और रंगों के जरिए एयर क्वालिटी देखने की सुविधा मिलती है। मोबाइल एप के जरिए भी कुछ मॉडल में हवा की स्थिति की जानकारी देखी जा सकती है।
ऑटो मोड
ऑटो मोड उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिन्हें बार-बार एयर प्यूरीफायर की सेटिंग बदलना पसंद नहीं है। इस फीचर में डिवाइस के सेंसर कमरे की हवा में मौजूद कणों की निगरानी करते हैं। प्रदूषण बढ़ने पर पंखे की गति अपने आप बढ़ जाती है और हवा साफ होने पर इसकी गति कम हो सकती है। इससे जरूरत के अनुसार प्यूरीफिकेशन होता रहता है।
उपयोग का तरीका: एयर प्यूरीफायर के कंट्रोल पैनल पर दिए गए आटो बटन को दबाएं। कुछ स्मार्ट मॉडल में मोबाइल एप के जरिए भी यह मोड सक्रिय किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, मॉडल में सेंसर के आधार पर आटो मोड में प्यूरीफिकेशन की गति अपने आप बदल जाती है।
मोबाइल एप कंट्रोल
वाइ-फाइ कनेक्टिविटी वाले एयर प्यूरीफायर को अब स्मार्टफोन से भी नियंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए कंपनियां अपने मोबाइल एप उपलब्ध कराती हैं। इनकी मदद से डिवाइस को आन या आफ करने, पंखे की गति बदलने, एयर क्वालिटी देखने और फिल्टर की स्थिति चेक करने जैसी सुविधाएं देती हैं। कुछ मॉडल में टाइमर और शेड्यूल सेट करने का विकल्प भी दिया जाता है।
उपयोग का तरीका: सबसे पहले अपने एयर प्यूरीफायर के लिए उपलब्ध आधिकारिक एप डाउनलोड करें। इसके बाद डिवाइस को घर के वाइ-फाइ नेटवर्क से कनेक्ट करना होगा और एप में दिए गए निर्देशों का पालन करें। उदाहरण के लिए, एलजी के कुछ मॉडल को थिनक्यू एप और सैमसंग के मॉडल को स्मार्टथिंग्स एप से कंट्रोल किया जा सकता है। कनेक्शन पूरा होने के बाद आप फोन से ही इसकी सेटिंग बदल सकते हैं।
स्मार्ट शेड्यूल और वेलकम केयर
कुछ नए एयर प्यूरीफायर में शेड्यूल और लोकेशन बेस्ड सुविधाएं भी मिलती हैं। शेड्यूल फीचर की मदद से आप तय कर सकते हैं कि डिवाइस किस समय चालू या बंद होगा। वहीं कुछ स्मार्ट मॉडल में वेलकम केयर जैसी सुविधा मिलती है, जो यूजर के घर के करीब पहुंचने पर कमरे की हवा की स्थिति खराब होने पर एयर प्यूरीफायर चालू करने का अलर्ट देती है। हालांकि यह फीचर कुछ खास मॉडल में ही उपलब्ध है।
उपयोग का तरीका: मोबाइल एप में जाकर शेड्यूल या आटोमेशन का विकल्प ओपन करें। यहां अपनी जरूरत के अनुसार समय और दिन तय कर सकते हैं। लोकेशन आधारित सुविधा के लिए एप को जरूरी लोकेशन की अनुमति देनी पड़ सकती है। सैमसंग स्मार्टथिंग्स में उपलब्ध वेलकम केयर जैसे फीचर का उपयोग करने के लिए लोकेशन सेटिंग और नोटिफिकेशन की अनुमति जरूरी पड़ सकती है।
फिल्टर रिप्लेसमेंट अलर्ट
एयर प्यूरीफायर का फिल्टर समय के साथ धूल और प्रदूषण के कणों से भर जाता है। ऐसे में उसकी सफाई और समय पर बदलाव जरूरी है। अब कई मॉडल में फिल्टर रिप्लेसमेंट अलर्ट दिया जाता है। यह फीचर फिल्टर के उपयोग और निर्धारित समय के आधार पर यूजर को बताता है कि उसे कब बदलने की जरूरत है। वहीं कुछ मॉडल में मोबाइल एप पर भी नोटिफिकेशन मिलता है।
उपयोग का तरीका: डिवाइस के डिस्प्ले पर फिल्टर इंडिकेटर या मोबाइल एप में फिल्टर स्टेटस चेक करें। अगर रिप्लेसमेंट का अलर्ट मिलता है, तो कंपनी के निर्देशों के अनुसार नया फिल्टर लगाएं। फिल्टर बदलने के बाद कुछ मॉडल में रीसेट बटन दबाना पड़ता है, ताकि डिवाइस नए फिल्टर की अवधि की गणना शुरू कर सके। ध्यान रखें कि हर फिल्टर को पानी से साफ नहीं किया जा सकता है। इसलिए कंपनी के निर्देश जरूर पढ़ें।
360 डिग्री एयर प्यूरीफिकेशन
कुछ प्रीमियम एयर प्यूरीफायर में 360 डिग्री एयर प्यूरीफिकेशन की सुविधा मिलती है। इसमें डिवाइस चारों तरफ से हवा खींचकर उसे फिल्टर करता है और साफ हवा कमरे में छोड़ता है। वहीं कुछ मॉडल में अब क्लीन बूस्टर भी दिया जाता है, जो साफ हवा को ज्यादा दूरी तक पहुंचाने में मदद करता है। इससे कमरे के अलग-अलग हिस्सों तक साफ हवा पहुंचाने में सुविधा मिल सकती है।
उपयोग का तरीका: एयर प्यूरीफायर को ऐसी जगह रखें, जहां उसके चारों तरफ हवा आने-जाने की पर्याप्त जगह हो। इसे दीवार, पर्दे या बड़े फर्नीचर से बिल्कुल सटाकर न रखें। अगर मॉडल में क्लीन बूस्टर या एयरफ्लो डायरेक्शन का विकल्प है, तो उसे कमरे के उपयोग के हिसाब से सेट करें। एलजी के चुनिंदा मॉडल में 360 डिग्री प्यूरीफिकेशन और क्लीन बूस्टर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
नाइट मोड और चाइल्ड लॉक
बेडरूम में एयर प्यूरीफायर उपयोग करने वालों के लिए नाइट मोड उपयोगी फीचर है। इसे सक्रिय करने पर डिवाइस की लाइट कम हो जाती है और पंखे की गति भी धीमी हो जाती है, जिससे शोर कम होता है। वहीं चाइल्ड लाक की मदद से डिवाइस के बटन लाक किया जा सकता है, ताकि बच्चे गलती से इसकी सेटिंग न बदल सकें।
उपयोग का तरीका: रात में सोने से पहले कंट्रोल पैनल या मोबाइल एप से स्लीप या नाइट मोड आन कर दें। अगर घर में छोटे बच्चे हैं, तो चाइल्ड लाक भी सक्रिय कर दें। सैमसंग के कुछ एयर प्यूरीफायर में स्लीप मोड और लाक मोड जैसे विकल्प मिलते हैं।

एयर प्यूरीफायर में AI, स्मार्ट सेंसर, मोबाइल एप कंट्रोल और ऑटो मोड जैसे फीचर्स इसे उपयोग करने में आसान बनाते हैं। हालांकि खरीदारी के समय सिर्फ इन सुविधाओं पर ध्यान देना सही नहीं है। कमरे के आकार के अनुसार क्लीन एयर डिलीवरी रेट (सीएडीआर), एचईएपी फिल्टर की क्वालिटी, एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर और फिल्टर बदलने की लागत भी चेक करें। इसके अलावा, जानबूझकर ओजोन पैदा करने वाले एयर क्लीनर से बचना चाहिए। सही क्षमता और उपयोगी फीचर्स वाला एयर प्यूरीफायर ही आपके घर की हवा को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
स्मार्ट और AI एयर प्यूरीफायर में अंतर?
अब एयर प्यूरीफायर में स्मार्ट फीचर्स के साथ AI तकनीक का उपयोग भी बढ़ रहा है। हालांकि हर कंपनी के AI एयर प्यूरीफायर का काम करने का तरीका एक जैसा नहीं है। सामान्य स्मार्ट एयर प्यूरीफायर सेंसर से मिली जानकारी के आधार पर पंखे की गति अपने आप बदल सकता है। वहीं कुछ AI आधारित मॉडल घर के अंदर और बाहर की हवा की जानकारी का विश्लेषण करके प्रदूषण बढ़ने का अनुमान लगाने और पहले से प्यूरीफिकेशन शुरू करने का दावा करते हैं। उदाहरण के लिए, सैमसंग के इनफिनिट AI एयर प्यूरीफायर में AI प्लस क्लीन फीचर दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह घर के अंदर और बाहर की एयर क्वालिटी से जुड़ी जानकारी का उपयोग करके प्रदूषण के स्तर का अनुमान लगा सकता है और जरूरत के अनुसार सफाई शुरू कर सकता है। इसी तरह एलजी अपने पुरीकेयर एयर प्यूरीफायर में रियल टाइम एयर क्वालिटी की निगरानी और उसके अनुसार काम करने वाले AI फीचर्स हैं। वैसे, AI एयर प्यूरीफायर खरीदते समय सिर्फ AI का नाम देखकर फैसला न करें। यह समझें कि उसमें AI वास्तव में कौन-सा काम करता है और क्या वह आपकी जरूरत के लिए उपयोगी है।
फिल्टर और बिजली की खपत
एयर प्यूरीफायर खरीदने के बाद उसका खर्च खत्म नहीं होता है। समय-समय पर फिल्टर बदलने, बिजली की खपत और रखरखाव पर भी पैसा खर्च करना पड़ता है। अगर फिल्टर गंदा हो जाए या उसमें बहुत ज्यादा धूल जमा हो जाए, तो उसकी हवा साफ करने की क्षमता प्रभावित हो जाती है। आमतौर पर फिल्टर बदलने का समय तीन से 12 महीने के बीच हो सकता है, लेकिन यह मॉडल, उपयोग और प्रदूषण के स्तर पर निर्भर करता है। कुछ खास फिल्टर इससे ज्यादा समय तक भी चल सकते हैं। इसलिए खरीदने से पहले कंपनी की ओर से बताई गई फिल्टर लाइफ जरूर चेक करें। इसके अलावा, यह भी देखें कि उस मॉडल के असली रिप्लेसमेंट फिल्टर भारत में आसानी से उपलब्ध हैं या नहीं। फिल्टर की कीमत और उसे बदलने का खर्च पहले से पता होना चाहिए। बिजली की खपत भी एयर प्यूरीफायर की क्षमता और उपयोग के समय पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, अगर 50 वाट का एयर प्यूरीफायर लगातार 24 घंटे चलता है, तो वह एक दिन में 1.2 यूनिट बिजली खर्च करेगा।
ज्यादा एक्यूआइ में कैसे उपयोग करें?
जब बाहर प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो, तो एयर प्यूरीफायर को उस कमरे में चलाना चाहिए जहां परिवार के सदस्य सबसे ज्यादा समय बिताते हैं। इसके आसपास हवा आने-जाने की जगह खुली रखें, ताकि डिवाइस ठीक से काम कर सके। दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने से बाहर की प्रदूषित हवा का एंट्री को कम किया जा सकता है, लेकिन घर में जरूरत के अनुसार सुरक्षित वेंटिलेशन भी जरूरी है। साथ ही, घर के अंदर प्रदूषण बढ़ाने वाली गतिविधियों को कम करना भी जरूरी है। सिगरेट का धुआं, अगरबत्ती, मोमबत्ती और खाना पकाने से निकलने वाला धुआं इनडोर एयर क्वालिटी को प्रभावित करता है। ज्यादा प्रदूषण के दौरान जरूरत के हिसाब से एयर प्यूरीफायर को तेज गति पर या अधिक समय तक चलाया जा सकता है। यह समझना भी जरूरी है कि घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता हमेशा बाहर के एक्यूआई जैसी नहीं होती है। इसलिए केवल बाहर का एक्यूआइ देखकर घर के अंदर की हवा का अनुमान न लगाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।