डॉक्टर से पहले AI से पूछ रहे बीमारी का इलाज? भारी पड़ सकती है ये गलती
भारतीय अब डॉक्टर से पहले AI चैटबॉट और ऑनलाइन स्रोतों से स्वास्थ्य सलाह ले रहे हैं, लेकिन यह प्रवृत्ति गलत ...और पढ़ें

डॉक्टर से पहले AI से पूछ रहे बीमारी का इलाज? भारी पड़ सकती है ये गलती

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। सिरदर्द हुआ या अचानक त्वचा पर दाने निकल आए या पेट दर्द हो रहा है या फिर फिटनेस का प्लान जानने के लिए आप AI चैटबाट की मदद ले रहे हैं, तो ऐसा करने वाले अकेले नहीं हैं। एक ट्रेंड उभर रहा है, जहां लोग डॉक्टर या क्लिनिक का रुख करने के बजाय पहले हर जानकारी AI चैटबाट या इंटरनेट मीडिया से लेने लगे हैं।
बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) की एक हालिया रिपोर्ट बताती है कि 10 में से छह भारतीय आनलाइन स्वास्थ्य सुझावों को हेल्थकेयर पेशेवरों जैसा ही विश्वसनीय मानते हैं। अध्ययन यह भी बताता है कि डॉक्टर का इंतजार करने के बजाय 61 प्रतिशत लोग AI और आनलाइन सोर्सेज पर भरोसा करते हैं। दरअसल, हाल के वर्षों में लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को समझने के लिए यूट्यूब वीडियो, इंस्टाग्राम रील्स, हेल्थ ब्लाग, पाडकास्ट, आनलाइन कम्युनिटी और AI-बेस्ड प्लेटफॉर्म पर तेजी से निर्भर हुए हैं।
डाइट प्लान और घरेलू नुस्खों से लेकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, वर्कआउट रूटीन और स्वास्थ्य से जुड़े हर तरह के कंटेंट अब डिजिटल माध्यमों पर खूब दिख रहे हैं। जो चीजें पहले मेडिकल प्रोफेशनल्स के दायरे में आती थीं, वे अब रोजमर्रा की आनलाइन बातचीत का हिस्सा बन गई हैं।
क्यों बढ़ रहा है आकर्षण
जानकारी तुरंत मिल जाना, डॉक्टर को दिखाने के लिए हफ्तों के इंतजार से बच जाना और सुविधाजनक होना, यहां सबसे बड़ा आकर्षक है। सबसे खास बात है कि आनलाइन कम्युनिटी में अक्सर ऐसे लोग भी मिल जाते हैं, जिनके अनुभव आपसे मिलते-जुलते होते हैं, जिससे आपको भी तसल्ली मिलती है। हेल्थ इन्फ्लुएंसर, फिटनेस ट्रेनर, न्यूट्रिशनिस्ट और यहां तक कि डॉक्टर भी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इससे स्वास्थ्य से जुड़े जटिल विषयों को आसान भाषा में समझने में मदद मिली है। शार्ट फार्म वीडियो ने मेडिकल जानकारी को ज्यादा दिलचस्प और सुलभ बना दिया है, यही वजह है कि यह ट्रेंड न केवल युवा पीढ़ी के बीच, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।
इन्फ्लुएंसर्स से जुड़ी समस्याएं
कुछ इन्फ्लुएंसर्स सप्लीमेंट्स, हर्बल उपचार या बिना डॉक्टर की सलाह वाली दवाएं सुझाते हैं। उनकी यह सलाह किसी शोध पर आधारित नहीं होती। जो उपचार हानिरहित प्रतीत होता है, वह निर्धारित दवाओं के साथ रिएक्शन भी कर सकता है या पहले से मौजूद स्थिति को और खराब कर सकता है। आनलाइन दवाएं खरीदना और भी खतरनाक हो सकता है। हजारों वेबसाइटें अब सीधे उपभोक्ताओं को दवाएं भी बेचती हैं।
ऐसे में सबसे बड़ी दुविधा वैध रूप से संचालित आनलाइन फार्मेसी और फर्जी विक्रेताओं के बीच के फर्क को समझने की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बार-बार चेतावनी दी है कि नकली और घटिया दवाएं वैश्विक सप्लाई चेन में आ रही हैं। इनमें गलत सामग्री हो सकती है, खुराक गलत हो सकती है, जिस पर किसी का नियंत्रण नहीं है।
ये दवाएं बीमारी का इलाज करने के बजाय नुकसानदेह हो सकती हैं। ऐसे में आनलाइन जानकारी लेने वाले हर यूजर को जागरूक और सतर्क होने की आवश्यकता है। अपने स्वास्थ्य के बारे में खुद फैसले लेना तभी अच्छा है, जब आपके पास भरोसेमंद जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह हो।
आनलाइन जानकारी में तीन बातों का रखें ध्यान
1. किसी व्यक्तिगत ब्लाग या इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के बजाय प्रतिष्ठित चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों जैसे भरोसेमंद स्रोतों पर ही भरोसा करें।
2. डॉक्टर के पास जाने से पहले इंटरनेट का प्रयोग अपनी जानकारी बढ़ाने के लिए कर सकते हैं। इससे डॉक्टर से बात करने के दौरान आपको सहजता होगी। आप डॉक्टर से सवाल करें, पर बीमारी का पता लगाने और इलाज का काम डॉक्टर पर ही छोड़ दें।
3. किसी इन्फ्लुएंसर द्वारा सुझाए गए सप्लीमेंट, हर्बल उपाय या दवा को लेकर संदेह हो, तो कुछ भी आजमाने से पहले किसी फार्मासिस्ट या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
किस तरह की हो सकती है परेशानी
गलत जानकारी : चमत्कारी इलाज, वजन घटाने के अवास्तविक तरीके, अवैज्ञानिक डिटाक्स प्लान और बढ़ा-चढ़ाकर बताए गए मेडिकल दावों पर भरोसे करने से बचें। ध्यान रखें कि सनसनीखेज सामग्री आकर्षित करती है, इसलिए गलत सलाह बहुत तेजी से फैल सकती है।
बीमारी का खुद से अंदाजा लगाना : इंटरनेट पर अपने लक्षणों को खोजने से लोग कभी-कभी गलत धारणा पाल बैठते हैं। सामान्य सिरदर्द को कोई गंभीर न्यूरोलाजिकल समस्या मानकर अपनी मुसीबत बढ़ा सकते हैं।
मेडिकल योग्यता पर ही भरोसा : कुछ इन्फ्लुएंसर्स बिना किसी ठोस वैज्ञानिक प्रमाण के सप्लीमेंट्स, बहुत सख्त डाइट या वेलनेस उत्पादों का प्रचार करते हैं। उनके बड़ी संख्या में फालोअर्स और आत्मविश्वास से भरी बातों के कारण उनकी सलाह भरोसेमंद लग सकती है, इस ट्रैप में फंसने से बचना है। भरोसा हमेशा योग्य मेडिकल पेशेवरों पर ही करना चाहिए।
हर व्यक्ति की स्थिति अलग : जो डाइट या एक्सरसाइज एक व्यक्ति के लिए सही है, वही दूसरे के लिए नुकसानदेह हो सकती है। उम्र, मेडिकल हिस्ट्री, पहले से मौजूद बीमारियां, दवाएं और जीवनशैली-ये सभी चीजें स्वास्थ्य देखभाल की जरूरत को तय करती हैं।
प्राइवेसी और डाटा सुरक्षा : कई एप्स और वेबसाइटें लक्षण, फिटनेस रिकार्ड, मेडिकल हिस्ट्री और जीवनशैली से जुड़ी बातें जानने का प्रयास करती हैं। इससे यूजर्स की प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है।
क्या है सही तरीका
सबसे जरूरी है कि सही और भरोसेमंद जानकारी को गलत या भ्रामक सामग्री से अलग करना सीखना होगा। मान्यता प्राप्त अस्पतालों और सार्वजनिक स्वास्थ्य संगठनों जैसे विश्वसनीय स्रोतों को देखना चाहिए। ऐसी सामग्री से भी सावधान रहना चाहिए, जो तुरंत इलाज या पक्के नतीजों का वादा करती है। आनलाइन जानकारी का उपयोग केवल सामान्य जागरूकता और शिक्षा के लिए किया जाना चाहिए।
इसे चिकित्सा जांच, इलाज या डॉक्टर की सलाह के विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहिए। इंटरनेट एक स्वस्थ समाज बनाने के लिए एक शक्तिशाली साधन हो सकता है, बशर्ते लोग इसका जिम्मेदारी से उपयोग करना जानते हों। कोई वायरल स्वास्थ्य वीडियो एक योग्य स्वास्थ्य पेशेवर के ज्ञान और समझ की जगह नहीं ले सकता।
भरोसा करने से पहले सोचें
डा. जीसी वैष्णव, चेयरमैन, क्लीनिकल सर्विसेज, यथार्थ ग्रुप आफ हास्पिटल्सआज की डिजिटल दुनिया में स्वास्थ्य संबंधी सलाह बस एक क्लिक की दूरी पर है। इंटरनेट मीडिया, वाट्सएप और आनलाइन प्लेटफॉर्म स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों तक आसान पहुंच तो देते हैं, पर ये चिकित्सा संबंधी गलत जानकारियों के बड़े स्रोत भी हैं। बिना जांचे-परखे घरेलू नुस्खे, दवाओं के बारे में भ्रामक दावे और टीकों के बारे में गलत जानकारी लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है।
इसका समाधान जागरूकता से शुरू होता है। लोगों को आनलाइन ट्रेंड्स का आंख मूंदकर पालन करने के बजाय, योग्य डॉक्टर, सरकारी स्वास्थ्य पोर्टलों और भरोसेमंद चिकित्सा संगठनों के माध्यम से जानकारी की पुष्टि करने की आदत डालनी चाहिए।
केवल इंटरनेट मीडिया की सलाह के आधार पर किसी दवा या इलाज को शुरू या बंद नहीं करना चाहिए। स्कूलों, अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को जागरूकता कार्यक्रम, सार्वजनिक चर्चाएं और शैक्षिक अभियान आयोजित करने चाहिए। डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को भी सटीक और आसानी से समझ में आने वाली जानकारी साझा करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सक्रिय रूप से उपयोग करना चाहिए।
याद रखें कि आनलाइन साझा की जाने वाली हर बात सच नहीं होती और नेचुरल बताई जाने वाली हर चीज सुरक्षित नहीं होती। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी सलाह पर विश्वास करने, उसे साझा करने या उस पर अमल करने से पहले, पुष्टि जरूर कर लें। जागरूकता ही भ्रामक जानकारियों के खिलाफ सबसे मजबूत बचाव है।
यह भी पढ़ें- 7,000 mAh बैटरी वाला Vivo का नया 5G फोन, Zeiss ट्यून्ड कैमरा और MediaTek प्रोसेसर भी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।