विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hair Dryer खरीदते समय न करें ये गलतियां, खरीदने से पहले समझें ये बातें

By Santosh AnandEdited By: Subhash Gariya
Published: Wed, 18 Nov 2026 04:04 PM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2026 04:08 PM (IST)

बाल पतले हैं, घने हैं, घुंघराले हैं या पहले से डैमेज हैं, तो आपको भी इसी आधार पर सही ड्रायर को चुनना होगा।

अपने बालों के लिए सही हेयर ड्रायर कैसे चुनें?

अपने बालों के लिए सही हेयर ड्रायर कैसे चुनें?

HighLights

  1. विभिन्न हेयर ड्रायर तकनीकें: आयोनिक, सिरेमिक, टूरमलाइन, टाइटेनियम जानें।

  2. सही हेयर ड्रायर चुनने के लिए तकनीकी फीचर्स समझें।

  3. बालों के प्रकार अनुसार ड्रायर का सुरक्षित उपयोग करें।

टक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। आजकल बालों को सुखाने और मनचाहा स्टाइल देने के लिए हेयर ड्रायर का उपयोग आम हो गया है। अगर आप भी हेयर ड्रायर खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब बाजार में इसके कई तरह के विकल्प उपलब्ध हैं, जिनमें अलग-अलग तकनीक, पावर और अटैचमेंट दिए जाते हैं। कुछ हेयर ड्रायर बालों का रूखापन और फ्रिजीनेस कम करने में मदद करते हैं, तो वहीं कुछ घुंघराले बालों को सही आकार देने या उन्हें सीधा और स्मूद बनाने के काम आते हैं। इसके अलावा, ब्रश ड्रायर जैसे विकल्प भी मौजूद हैं, जिनकी मदद से बालों को सुखाने के साथ-साथ स्टाइल भी किया जा सकता है। हालांकि हर तरह का हेयर ड्रायर सभी के बालों के लिए सही नहीं होता है।

अलग-अलग तकनीक वाले हेयर ड्रायर

बाजार में भिन्न तकनीक वाले हेयर ड्रायर मौजूद हैं, जिन्हें आप अपने बाल के हिसाब से सलेक्ट कर सकते हैंः

आयोनिक हेयर ड्रायर: इस तरह के हेयर ड्रायर में नेगेटिव आयन जनरेट करने वाली तकनीक का उपयोग होता है। ये आयन बालों की सतह पर मौजूद पानी की बूंदों को छोटे कणों में तोड़ने में मदद करते हैं, जिससे बाल जल्दी सूखते हैं। इसके अलावा, यह बालों में स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी को कम करने में मदद करता है। इससे बाल कम उलझते हैं और ज्यादा स्मूद दिखाई दे सकते हैं। यह तकनीक खासतौर पर घने, घुंघराले और रूखे बालों के लिए उपयोगी हो सकती है।

सिरेमिक हेयर ड्रायर: इसमें सिरेमिक कोटिंग या सिरेमिक हीटिंग एलिमेंट का उपयोग किया जाता है। इसका मुख्य काम गर्मी को समान रूप से फैलाना है, ताकि बालों के किसी एक हिस्से पर बहुत ज्यादा तापमान न पड़े। कुछ मॉडल में तापमान सेंसर भी दिए जाते हैं, जो गर्मी को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। यह तकनीक पतले, सामान्य और रूखे बालों के लिए उपयोगी हो सकती है। नियमित उपयोग के लिए ऐसा मॉडल चुनना बेहतर है, जिसमें अलग-अलग हीट और स्पीड सेटिंग्स उपलब्ध हों।

टूरमलाइन हेयर ड्रायर: यह एक मिनरल है, जिसका उपयोग कुछ हेयर ड्रायर में हीटिंग सिस्टम के साथ किया जाता है। इस तकनीक वाले मॉडल निगेटिव आयन पैदा करने और इन्फ्रारेड हीटिंग के जरिये बालों को सुखाने में मदद करते हैं। इससे फ्रिजीनेस कम करने और बालों को स्मूद लुक देने में मदद मिल सकती है। आमतौर पर यह तकनीक लंबे, घने और घुंघराले बालों के लिए उपयोगी हो सकती है। हालांकि इस तकनीक वाले मॉडल आमतौर पर महंगे होते हैं।

टाइटेनियम हेयर ड्रायर: टाइटेनियम तकनीक वाले हेयर ड्रायर तेजी से गर्म होने और तेज एयरफ्लो देने के लिए जाने जाते हैं। इनमें हल्की बॉडी वाले मॉडल भी मिलते हैं, जिससे लंबे समय तक उपयोग करना थोड़ा आसान हो जाता है। आमतौर पर इस तरह के हेयर ड्रायर का उपयोग प्रोफेशनल सैलून में देखा जा सकता है। हालांकि ज्यादा गर्म हवा पतले और कमजोर बालों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए ऐसे मॉडल में हीट कंट्रोल करने की सुविधा होना जरूरी है। घरेलू उपयोग के लिए खरीदते समय हीट कंट्रोल और कूल शाट जैसे फीचर्स का जरूर ध्यान रखें।

ब्रश ड्रायर: ब्रश ड्रायर में हेयर ड्रायर और स्टाइलिंग ब्रश का काम एक साथ मिलता है। इसमें गर्म हवा के साथ ब्रश की मदद से बालों को सुखाया और मनचाहा आकार दिया जाता है। कुछ मॉडल में अलग-अलग आकार के ब्रश अटैचमेंट मिलते हैं, जिनसे बालों को सीधा करने, कर्ल बनाने और जड़ों के पास वाल्यूम बढ़ाने में मदद मिलती है।

टेक्निकल फीचर का ध्यान रखें

हेयर ड्रायर खरीदते समय इसके कुछ टेक्निकल फीचर का जरूर ध्यान रखें।

वाट क्षमता और मोटर: हेयर ड्रायर की वाट क्षमता उसकी बिजली की खपत और हीटिंग सिस्टम की क्षमता से जुड़ी होती है। घरेलू उपयोग के लिए 1800 से 2000 वाट वाले मॉडल अच्छे विकल्प हो सकते हैं। घने और लंबे बालों को सुखाने के लिए तेज एयरफ्लो वाला मॉडल उपयोगी रहता है। हालांकि ज्यादा वाट क्षमता का मतलब हमेशा बेहतर ड्रायर नहीं होता है। मोटर की क्वालिटी और एयरफ्लो भी महत्वपूर्ण हैं।

हीट और स्पीड कंट्रोल: अच्छे हेयर ड्रायर में अलग-अलग हीट और एयरफ्लो स्पीड के विकल्प जरूरी हैं। कम तापमान पतले और कमजोर बालों के लिए उपयोगी है, जबकि घने बालों को सुखाने के लिए जरूरत के अनुसार तेज एयरफ्लो चुना जा सकता है। अलग-अलग सेटिंग्स होने से बालों की जरूरत के अनुसार ड्रायर का उपयोग करना आसान हो जाता है।

डिजिटल मोटर और हीट सेंसरः कुछ प्रीमियम हेयर ड्रायर में डिजिटल या हाइ-स्पीड मोटर दी जाती है। ऐसी मोटर तेज एयरफ्लो देने में मदद करती है। वहीं, हीट सेंसर हवा के तापमान को लगातार मानिटर करके उसे नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इससे बालों पर जरूरत से ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका कम हो जाती है। खरीदते समय यह भी देखें कि कंपनी ने हीट कंट्रोल के बारे में क्या जानकारी दी है।

कूल शॉट और फिल्टरः हेयर ड्रायर में कूल शॉट बटन से ठंडी हवा निकलती है, जिसका उपयोग आमतौर पर स्टाइलिंग पूरी करने के बाद किया जाता है। इससे हेयर स्टाइल को सेट करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, ड्रायर के पीछे दिया गया एयर फिल्टर धूल और बालों को मोटर तक पहुंचने से रोकता है। रिमूवेबल फिल्टर वाला मॉडल साफ करने में भी आसान होता है।

बालों के हिसाब से चुनें हेयर ड्रायर?

पतले और कमजोर बालों के लिए सिरेमिक तकनीक, कम तापमान और एडजस्टेबल स्पीड वाला मॉडल उपयोग हो सकता है। वहीं घने और लंबे बालों के लिए तेज एयरफ्लो और अच्छी मोटर वाला ड्रायर बढ़िया विकल्प हो सकता है। घुंघराले बालों के लिए डिफ्यूजर अटैचमेंट और आयोनिक या सिरेमिक तकनीक पर विचार कर सकते हैं। वहीं, रूखे और डैमेज बालों के लिए ऐसा मॉडल बेहतर है, जिसमें कम तापमान और हीट कंट्रोल की सुविधा होती है।

हेयर ड्रायर का उपयोग कैसे करें

  • हेयर ड्रायर उपयोग करने से पहले बालों का अतिरिक्त पानी मुलायम तौलिए से पोछ लें। इसके बाद हीट प्रोटेक्टेंट लगाएं, ताकि गर्म हवा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर सुखाना बेहतर रहता है। ड्रायर को बालों से उचित दूरी पर रखें और उसे लगातार एक ही जगह न रोकें।
  • बालों के अनुसार कम या मध्यम तापमान चुनें। ड्रायर को लगातार एक ही जगह रखने के बजाय बालों की लंबाई के साथ आगे बढ़ाएं। इससे किसी एक हिस्से पर ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका कम होती है।
  • बालों को सीधा और स्मूद करना है, तो कांसंट्रेटर के साथ राउंड या पैडल ब्रश का उपयोग करें। घुंघराले बालों के लिए डिफ्यूजर बेहतर विकल्प है। बाल लगभग सूखने के बाद कूल शॉट सेटिंग का ऑन करें। इससे स्टाइल को फिनिश देने में मदद मिलती है।
  • हेयर ड्रायर का उपयोग करते समय बहुत ज्यादा गर्म हवा से बचें और एयर इनलेट को हाथ या किसी दूसरी वस्तु से न ढकें। फिल्टर को समय-समय पर साफ करें और डिवाइस को पानी से दूर रखें।

यह भी पढ़ें- 10,000 mAh तक बैटरी वाला OnePlus का नया 5G फोन, 200MP कैमरे के साथ 100W फास्ट चार्जिंग भी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।