कपड़ों की अलमारी में रखी ये 5 चीजें चुपचाप छीन सकती हैं आपकी सुख-शांति! आज ही निकालें बाहर
वास्तु शास्त्र के अनुसार, कपड़ों की अलमारी में कुछ चीजें रखने से नकारात्मक ऊर्जा आ सकती है और धन हानि हो सकती है।

कपड़ों की अलमारी में न रखें ये चीजें, हो सकता है धन का नुकसान (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
जूते-चप्पल अलमारी में रखने से नकारात्मक ऊर्जा आती है।
ब्यूटी प्रोडक्ट्स और पैसे शुक्र को कमजोर कर सकते हैं।
कबाड़ और खाने का सामान वास्तु दोष बढ़ाता है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वास्तु शास्त्र में घर की हर चीज में किसी न किसी तरह की ऊर्जा छिपी होती है। ऐसा माना जाता है कि यह ऊर्जा आपके मन-मस्तिष्क को प्रभावित करती है। ऐसे ही आपके घर में जिस अलमारी में कपड़े रखे होते हैं, उसके लिए भी कुछ वास्तु नियम बनाए गए हैं और उनका पालन करने से आपके घर में किसी तरह का वास्तु दोष नहीं आता है।
कपड़ों की अलमारी मुख्य रूप से शुक्र से संबंधित होती है। ऐसा कहा जाता है कि अगर आप इसे ठीक रखते हैं तो आपका शुक्र हमेसाह अच्छा बना रहता है और आपके लिए धन के योग बनते हैं। वहीं अलमारी से जुड़ी कुछ गलतियां शुक्र को कमजोर कर सकती हैं और आपके घर में बिना वजह धन हानि हो सकती है।
कई बार लोग इस अलमारी में कपड़ों के साथ कुछ ऐसी चीजें भी रख सकते हैं, जो घर के लिए समस्याओं का कारण बन सकती हैं। कपड़ों के साथ कुछ जरूरी कागज रखना आम बात है, लेकिन यहां आपको कुछ चीजें भूलकर भी नहीं रखनी चाहिए। आइए यहां जानें इसके बारे में कुछ बातें।
जूते-चप्पल
आपको कभी भी उस अलमारी में जूते या चप्पल नहीं रखने चाहिए जिसमें आप कपड़े रखती हैं। ऐसा करने से घर के बाहर की नकारात्मक ऊर्जा जूतों के माध्यम से घर के भीतर आ सकती है और आपके कपड़ों में भी इसका प्रभाव होने लगता है।
जब आप उन कपड़ों को पहनते हैं, तो आपके शरीर में भी बुरी ऊर्जा का प्रभाव हो सकता है और आपके लिए समस्याएं बढ़ सकती हैं। आपको जूते-चप्पल हमेशा कपड़ों से अलग शू रैक में रखने चाहिए।
ब्यूटी प्रोडक्ट्स
ब्यूटी प्रोडक्ट्स आपको कभी भी कपड़ों की अलमारी में नहीं रखने चाहिए। इसके लिए आपकी ड्रेसिंग टेबल होती है या फिर इन प्रोडक्ट्स को किसी अन्य अलमारी में रखना चाहिए। अगर आप कपड़ों की अलमारी में ही सौंदर्य का सामान भी रखते हैं, तो इससे आपका शुक्र कमजोर हो सकता है, जो समस्याओं का कारण बन सकता है।
पैसे और गहने
पैसों और गहनों का संबंध माता लक्ष्मी से होता है और आप कपड़ों की अलमारी में अपने रोजमर्रा के कपड़ों को रखते हैं। अगर इसी स्थान पर आप पैसे या गहने भी रखते हैं तो यह वास्तु के अनुरूप नहीं है और ऐसा करने से माता लक्ष्मी का अपमान होता है।
अगर आपके घर में जगह की कमी है, तो पैसों और गहने को आप अलमारी के भीतर किसी अलग लॉकर में रखें। कभी भी पैसों को कपड़ों के बीच में दबाकर नहीं रखना चाहिए।
कबाड़ का सामान
कपड़ों की अलमारी सिर्फ कपड़ों के लिए होती है। आपको इसमें कभी भी कबाड़ का कोई सामान नहीं रखना चाहिए। इससे आपके कपड़ों में नकारात्मक ऊर्जा आ सकती है और इन कपड़ों से आपको मानसिक और स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
खाने-पीने की चीजें
खाने का सामन यदि किचन में रखा जाए तो सबसे अच्छा माना जाता है। आपको ऐसा कोई भी सामान कपड़ों की अलमारी में नहीं रखना चाहिए। इससे आपके ऊपर वास्तु दोष लग सकता है।
अगर हम वास्तु की न भी मानें तो खाने के सामान से कपड़ों में कई बैक्टीरिया और कीड़े-मकोड़े आ सकते हैं और इन कपड़ों को पहनने से कई बीमारियां हो सकती हैं।
अगर आप भी अपने कपड़ों की अलमारी में इनमें से कोई भी चीज रखते हैं तो आज ही उन्हें बाहर निकाल दें। ये चीजें वास्तु दोष का कारण भी बन सकती हैं।
यह भी पढ़ें- अलमारी के ऊपर भूलकर भी न रखें ये 5 चीजें, घर में आ सकती है कंगाली
यह भी पढ़ें- बेड से लेकर चौखट तक, वास्तु के अनुसार किन 5 जगहों पर बैठकर भोजन करने से रूठ जाती हैं मां लक्ष्मी?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
