29 अक्टूबर को करवा चौथ! सरगी खाने से लेकर चांद निकलने तक, डायरी में नोट कर लें पूरा टाइम टेबल
करवा चौथ का पर्व 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जिसमें सरगी खाने से लेकर चांद निकलने तक का समय महत्वपूर्ण है।

करवा चौथ 2026: सरगी, पूजा और चांद निकलने का सही समय जानें (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
करवा चौथ व्रत 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
सरगी खाने का शुभ मुहूर्त ब्रह्म मुहूर्त में।
चंद्रोदय का अनुमानित समय रात्रि 8:17 बजे।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। करवा चौथ के दिन जितना महत्व चांद के दर्शन और पूजा का है, उतना ही सरगी खाने का भी होता है। यह पर्व सभी सुहागिन महिलाओं के लिए तो खास माना ही जाता है और इस दिन कुछ कुंवारी लड़कियां भी सुयोग्य जीवनसाथी की चाह में विधि-विधान के साथ पूजा करती हैं और चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत का पारण करती हैं।
इस साल यह पर्व 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस व्रत को मुख्य रूप से पति की दीर्घायु की कामना में रखा जाता है और इस दिन की शुरुआत सरगी खाने से होती है। करवा चौथ के दिन सूर्योदय से पहले ब्रह्म मुहूर्त में महिलाएं सरगी ग्रहण करती हैं और इस व्रत का संकल्प लेती हैं।
इसके बाद पूरे दिन निर्जला उपवास करने के बाद पति के हाथ से जल ग्रहण करके ही व्रत को खोला जाता है। अगर आप भी करवा चौथ के पर्व का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं, तो हम आपको बताने जा रहे हैं सरगी से लेकर चांद निकलने के पूरे समय की सही जानकारी।
करवा चौथ व्रत कब रखा जाएगा?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा।
- कार्तिक मास कृष्ण पक्ष चतुर्थी तिथि आरंभ-28 अक्टूबर मध्यरात्रि 1 बजकर 6 मिनट से।
- कार्तिक मास कृष्ण पक्ष चतुर्थी तिथि समापन-29 अक्टूबर, रात्रि 10 बजकर 9 मिनट पर।
- उदया तिथि की मानें तो करवा चौथ व्रत 29 अक्टूबर को रखना ही शुभ है।
करवा चौथ सरगी खाने का समय
करवा चौथ की सुबह सरगी ब्रह्म मुहूर्त में खाई जाती है। 29 अक्टूबर को आप प्रातः 04 बजकर 54 मिनट से प्रातः 05 बजकर 45 मिनट तक सरगी ग्रहण कर सकती हैं।
सरगी में मुख्य रूप से फल, मिठाई, सूखे मेवे, मट्ठी और अन्य खाने-पीने की चीजें शामिल होती हैं। मुख्य रूप से सरगी में वो चीजें होती हैं जिससे दिनभर व्रत करने के लिए ऊर्जा बनी रहे। यही नहीं सरगी में श्रृंगार की सामग्रियां भी होती हैं, जो मुख्य रूप से सास अपनी बहू को देती है। सरगी का सेवन करने के बाद पूरे दिन निर्जला व्रत करके रात के समय चांद के दर्शन किए जाते हैं।
करवा चौथ सायं पूजा शुभ मुहूर्त
करवा चौथ पर पूजा के लिए विशेष शुभ मुहूर्त बन रहा है और इसी समय की गई पूजा फलदायी होगी। हिंदू पंचांग के अनुसार, करवा चौथ पूजा का शुभ समय सायं 5 बजकर 38 मिनट से सायं 6 बजकर 56 मिनट तक है।
आमतौर पर शाम की पूजा के दौरान महिलाएं गणपति जी और भगवान शिव के साथ माता पार्वती की पूजा करती हैं। कुछ स्थानों पर इसी दौरान थाली बदलने और कथा सुनने की परंपरा भी होती है।
करवा चौथ पर चांद निकलने का समय
हिंदू पंचांग के अनुसार, 29 अक्टूबर को चंद्रोदय का अनुमानित समय रात्रि 8 बजकर 17 मिनट है। हालांकि, हर शहर का चांद निकलने का समय अलग-अलग हो सकता है, इसलिए आप अपने शहर के सही समय के अनुसार ही चंद्रमा की पूजा और व्रत का पारण करें, जिससे आपको व्रत का पूर्ण फल मिले।
अगर आप भी करवा चौथ व्रत में सरगी और चांद निकलने का समय जानना चाहती हैं, तो आपके लिए यह जानकारी मददगार हो सकती है। इन शुभ मुहूर्त के अनुसार ही आप सरगी ग्रहण करने के साथ चंद्रमा की पूजा कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर किन चीजों की खरीदारी होती है सबसे शुभ? बिछिया से लेकर छलनी तक, सभी सामग्रियों की लिस्ट
यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर हमेशा देर से क्यों निकलता है चांद? कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी और चंद्रोदय का पूरा गणित समझें
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
