विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jitiya Vrat 2026: बच्चे को बार-बार लगती है नजर? जितिया व्रत पर करें सरसों के तेल का यह उपाय, जानें सही विधि

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:30 PM (IST)

जितिया व्रत संतान की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य के लिए रखा जाता है, जिसमें भगवान जीमूतवाहन की पूजा का ...और पढ़ें

बच्चों को बुरी नजर से बचाने का उपाय । (Picture Credit- AI Generated)

बच्चों को बुरी नजर से बचाने का उपाय । (Picture Credit- AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। जितिया व्रत संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना करने के लिए रखा जाता है। इस दिन भगवान जीमूतवाहन की पूजा की जाती है। कई महिलाएं जितिया व्रत से जुड़ी कुछ पारंपरिक रस्में भी निभाती हैं। इन्हीं में से एक है बच्चों की नजर उतारना। मान्यता है कि सरसों के तेल, काली राई, नमक और लाल मिर्च से नजर उतारने से बच्चे को बुरी नजर से बचाने की कामना की जाती है।

एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषी चंद्रेश शर्मा के अनुसार, 'जितिया व्रत का संबंध संतान की सुरक्षा और दीर्घायु की कामना से जुड़ा है। इसलिए इस दिन बच्चे की नजर उतारने और सरसों के तेल का टीका लगाने की परंपरा कुछ घरों में आज भी निभाई जाती है।'

क्यों सरसों के तेल से उतारी जाती है नजर?

धार्मिक और लोक मान्यताओं में सरसों के तेल का इस्तेमाल नकारात्मकता दूर करने के लिए होता है। सरसों के तेल के साथ काली राई, नमक और सूखी लाल मिर्च का इस्तेमाल भी नजर उतारने की विधि में शामिल किया जाता है। जितिया के अवसर पर मां अपने बच्चों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए यह रस्म निभाती है।

नजर उतारने के लिए क्या-क्या चाहिए?

बच्चे की नजर उतारने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। इसके लिए आप ये चीजें ले सकती हैं-

  • शुद्ध सरसों का तेल
  • एक दीपक या छोटी कटोरी
  • थोड़ी सी काली राई
  • एक चुटकी नमक
  • 2 से 3 सूखी लाल मिर्च
  • रूई की बाती

किस दिशा में बैठाएं बच्चे को?

मान्यता के अनुसार, नजर उतारते समय बच्चे को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठाया जाता है। इसके बाद मां या परिवार का कोई बड़ा सदस्य बच्चे की नजर उतारने की रस्म पूरी करता है। कई घरों में यह भी माना जाता है कि मां को बच्‍चे की नजर नहीं उतारनी चाहिए। माना जाता है कि सबसे ज्‍यादा बच्‍चे को मां की ही नजर लगती है, मगर मां की नजर लगने से बच्‍चे के साथ बुरा नहीं हो सकता है, मगर यह भी कहा जाता है कि जिसकी सबसे ज्‍यादा नजर लगती है, उसे कभी नजर नहीं उतारनी चाहिए।

सरसों के तेल से कैसे उतारें नजर?

सबसे पहले एक कटोरी में थोड़ा सा सरसों का तेल लें। इसमें काली राई, नमक और सूखी लाल मिर्च का स्पर्श कराया जाता है। इसके बाद रूई की बाती या दाहिनी हथेली के माध्यम से इस सामग्री को बच्चे के सिर से पैर तक सात बार उल्टी दिशा में घुमाने की पारंपरिक विधि बताई जाती है। नजर उतारते वक्‍त भगवान जीमूतवाहन का ध्यान करें और बच्चे की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की प्रार्थना करें। इस दौरान मन में सकारात्मक भाव रखना महत्वपूर्ण माना जाता है।

नजर उतारने के बाद क्या करें?

मान्यता के अनुसार, नजर उतारने के बाद इस्तेमाल की गई सामग्री को घर के बाहर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर देना चाहिए। कुछ घरों में तो इस सामग्री को बाद में उपले या कपूर की अग्नि में जला दिया जाता है। कहा जाता है, जब राई और मिर्च के चटकने की आवाज आती है, तो माना जाता है कि नजर उतर गई है।

बच्चे को सरसों के तेल का टीका क्यों लगाते हैं?

नजर उतारने की रस्म के बाद बच्चे के पैर के तलवे, कान के पीछे या माथे पर सरसों के तेल का छोटा सा टीका लगाने का भी रिवाज है। मान्यता है कि इससे बच्चे को बुरी नजर से पूरी तरह बचा लिया जाता है।

यह भी पढ़ें- जितिया व्रत में मछली और नोनी का साग खाने की है अनोखी परंपरा, पढ़ें महापर्व की पौराणिक कथा और नियम

यह भी पढ़ें- आखिर क्यों करवा चौथ और हरितालिका तीज से भी ज्यादा कठिन है जितिया व्रत, क्या है इसके पीछे की वजह?

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।