घर की नींव रखने से पहले क्यों रखा जाता है चांदी का नाग और कलश, इस रस्म का रहस्य क्या है?
नया घर बनाने से पहले नींव में चांदी का सर्प और कलश रखने की क्या परंपरा है? जानिए इसके पीछे की पौराणिक मान्यता और आध्यात्मिक महत्व।

भूमि पूजन की परंपरा (AI-Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। जब भी हम सपनों का घर बनाने की शुरुआत करते हैं, तो सबसे पहले भूमि पूजन किया जाता है। सनातन धर्म में इसे केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि धरती मां और वास्तु देव का आशीर्वाद लेने का सबसे पवित्र तरीका माना गया है। अक्सर आपने देखा होगा कि नींव की खुदाई के समय पंडित जी चांदी का छोटा सा सांप और एक जल भरा कलश दबवाते हैं। लेकिन, नींव में इन चीजों को रखने की असल वजह क्या है?
नींव में चांदी का सर्प रखने का कारण
पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस पूरी पृथ्वी का भार शेषनाग ने अपने फन पर संभाल रखा है। वो धरती को संतुलन और मजबूती प्रदान करते हैं। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, नींव में चांदी का सर्प स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य शेषनाग देव का आह्वान करना होता है। श्रीमद्भागवत पुराण (5वां स्कंध, अध्याय 25) में वर्णन है कि भगवान शेषनाग अपने हजारों फनों में से एक फन पर पूरी पृथ्वी को सरसों के दाने के समान संभाले हुए हैं।
जब नींव में सर्प रखा जाता है, तो उसके पीछे की प्रार्थना यह होती है कि जिस तरह शेषनाग पृथ्वी को संभाले हुए हैं, ठीक उसी तरह वे हमारे इस नए घर को भी मजबूती और सुरक्षा दें। यह परंपरा परिवार को बुरी नजर और हर प्रकार के संकट से बचाने का आशीर्वाद मानी जाती है।
इसके अलावा, विष्णु पुराण (द्वितीय अंश, अध्याय 5) में लिखा है-
शेषं चाकल्पयद् देवमनन्तं विश्वरूपिणम् | यो धारयति भूतानि धरां चेमां सपर्वताम्।।
इसका अर्थ है कि पाताल लोक में स्थित शेष देव अपने मस्तक पर समस्त पृथ्वी, पर्वत और समुद्रों का भार धारण करते हैं। इस श्लोक का उपयोग वास्तु शास्त्र और मकान की नींव पूजन के समय किया जाता है।
कलश स्थापना और उसमें रखी चीजें
भूमि पूजन के दौरान कलश स्थापित करने का भी विशेष महत्व है। शास्त्रों में कलश को ब्रह्मांड और शुभता का प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि कलश में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है।
कलश के अंदर जल के साथ क्या डालें?
- दूध और दही जीवन में मिठास, पवित्रता और शुभता का प्रतीक हैं।
- देसी घी और फूल घर में सकारात्मक ऊर्जा और पवित्र वातावरण बनाए रखने के लिए होते हैं।
- सिक्का घर में धन-धान्य की समृद्धि और मां लक्ष्मी की स्थायी कृपा का प्रतीक माना जाता है।
यह भी पढ़ें- कलश पर नारियल रखने की सही दिशा क्या है? इस प्राचीन श्लोक में छिपा है पूरा रहस्य
यह भी पढ़ें- तीज की पूजा में कलश रखते समय भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, जानें स्थापना का सही तरीका
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।