विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा का अनोखा कनेक्शन, बहन यमुना से लेकर कलम-दवात तक का धार्मिक रहस्य

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:30 AM (IST)

भाई दूज का पर्व सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि इसका संबंध भगवान चित्रगुप्त की पूजा और यमराज-यमुना ...और पढ़ें

भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा का गहरा संबंध जानें (Picture Credit: AI Generated)

भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा का गहरा संबंध जानें (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा का गहरा संबंध।

  2. यमराज और बहन यमुना के प्रेम का प्रतीक।

  3. चित्रगुप्त करते हैं मनुष्यों के कर्मों का हिसाब।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का पर्व मनाया जाता है, जिसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन चित्रगुप्त पूजा भी मनाई जाती है। इसी दिन से दीवाली के पांच दिवसीय पर्व का समापन भी होता है।

जहां एक तरफ भाई दूज की तिथि को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है, वहीं इसी दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा भी की जाती है। कुछ स्थानों में इसी दिन कलम-दवात की पूजा करने की भी विशेष परंपरा है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा एक ही दिन क्यों मनाई जाती हैं? इस साल दोनों पर्व 11 नवंबर को पड़ेंगे।

आइए आपको बताते हैं इन दोनों पर्वों का आपस में क्या कनेक्शन है और इनका महत्व क्या है? यही नहीं आपको बताते हैं इसके पीछे की धार्मिक मान्यता और पौराणिक संबंध क्या हैं?

भाई दूज का यमराज और यमुना से संबंध

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा की दो संतानें थीं, यमराज और यमुना। दोनों भाई और बहन में बहुत प्रेम था। यमुना अपने भाई यमराज से हमेशा अपने घर आने का आग्रह करती थीं, लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनके घर नहीं जा पाते थे।

ऐसा माना जाता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे और उनकी बहन ने उनका बहुत आदर किया। यही नहीं माथे पर तिलक लगाकर उन्हें भोजन भी कराया। उसी समय से इस तिथि को भाई दूज और यम द्वितीया के नाम से जाना जाता है।

भाई दूज पर ही क्यों होती है भगवान चित्रगुप्त की पूजा?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त को ब्रह्मा जी का पुत्र माना जाता है और उन्हें यमराज का प्रमुख सहायक और मनुष्यों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। वे व्यक्ति के अच्छे और बुरे कर्मों का हिसाब रखते हैं, उसी के आधार पर मृत्यु के बाद उसके कर्मों का फल निर्धारित होता है।

ऐसी मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त की पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को ही जाती है। इस दिन चित्रगुप्त की पूजा करने से व्यापार में वृद्धि होती है और नौकरी में भी सफलता बनी रहती है। इस अवसर पर कलम, दवात, बहीखाता और लेखन सामग्री की पूजा करने की परंपरा भी है। इसे दवात पूजा या कलम पूजा भी कहा जाता है।

भाई दूज और चित्रगुप्त की पूजा का संबंध

भाई दूज जहां भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और दीर्घायु की कामना का प्रतीक है, वहीं चित्रगुप्त पूजा कर्मों की शुद्धता, न्याय और सदाचार का संदेश देती है। दोनों पर्वों का संबंध यमराज से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और कार्तिक शुक्ल द्वितीया की पवित्र तिथि से है। यदि आप मुख्य रूप से चित्रगुप्त पूजा के दिन व्यापार से जुड़ी चीजों की पूजा करेंगे, तो आपके जीवन में इसके शुभ फल बिजनेस में मुनाफे के रूप में दिखाई देंगे।

इस प्रकार, भाई दूज हमें रिश्तों की अहमियत बताता है, जबकि चित्रगुप्त पूजा याद दिलाती है कि मनुष्य को अपने कर्म हमेशा अच्छे रखने चाहिए, क्योंकि उनका लेखा जोखा चित्रगुप्त जी के पास होता है।

यह भी पढ़ें- धनतेरस से भाई दूज तक क्यों जलाते हैं दीपक? 5 दिनों की इस परंपरा के पीछे छिपा है बड़ा रहस्य

यह भी पढ़ें- भाई दूज पर तिलक के लिए मिलेगा 2 घंटे से अधिक का समय, मुहूर्त चूका तो रह जाएंगे पछताते; पढ़ें सही समय

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।