विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विष्णु जी की योगनिद्रा वाली अद्भुत प्रतिमा, एक साथ नहीं होते पूरे दर्शन; जानिए पद्मनाभस्वामी मंदिर का रहस्य

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:30 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 07:44 PM (IST)

केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है, जहां वे शेषनाग पर योगनिद्रा मुद्रा में विराजमान हैं। यह 8वीं शताब्दी का मंदिर अपनी 18 फीट की विशाल प्रतिमा और अद्वितीय केरल-द्रविड़ वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है, जिसके दर्शन तीन द्वारों से होते हैं।

भगवान विष्णु की विशाल प्रतिमा और 3 द्वारों से दर्शन की अनूठी परंपरा

भगवान विष्णु की विशाल प्रतिमा और 3 द्वारों से दर्शन की अनूठी परंपरा

HighLights

  1. केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थित है पद्मनाभस्वामी मंदिर।

  2. भगवान विष्णु शेषनाग पर योगनिद्रा मुद्रा में विराजमान हैं।

  3. विशाल प्रतिमा के दर्शन तीन अलग-अलग द्वारों से होते हैं।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में देवी-देवताओं के ऐसे कई मंदिर हैं, जो किसी न किसी रहस्य की वजह से प्रसिद्ध हैं। ऐसा ही एक भव्य मंदिर केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में स्थित है, जो भगवान विष्णु को समर्पित है। इस मंदिर को 'पद्मनाभस्वामी मंदिर' (Padmanabhaswamy Temple) के नाम से जाना जाता है, जहां प्रभु अनंत शेषनाग पर योगनिद्रा की दिव्य मुद्रा में विराजमान हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, सबसे पहले इस पवित्र स्थल से जगत के पालनहार भगवान विष्णु की प्रतिमा प्राप्त हुई थी, जिसके बाद इसी स्थान पर मंदिर का निर्माण किया गया। इस मंदिर में भगवान विष्णु की 18 फीट लंबी विशाल प्रतिमा स्थापित है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में आपको विस्तार से बताते हैं पद्मनाभस्वामी मंदिर से जुड़ी खास जानकारियों के बारे में।

मंदिर की खासियत

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पद्मनाभस्वामी मंदिर 8वीं शताब्दी से भी पुराना माना जाता है। केरल और द्रविड़ वास्तुकला के अनूठे संगम को दर्शाता यह भव्य स्थल कलात्मक वैभव की बेजोड़ मिसाल है। मंदिर का जो भव्य स्वरूप आज हम देखते हैं, उसका पुनर्निर्माण 18वीं शताब्दी में त्रावणकोर के महाराजा मार्तंड वर्मा ने करवाया था।

इस मंदिर का मुख्य द्वार भी बहुत सुंदर बनाया गया है। पद्मनाभस्वामी मंदिर में भगवान विष्णु की दिव्य मूर्ति शेषनाग पर शयन मुद्रा में विराजमान है। श्रद्धालु इस प्रतिमा के दर्शन अलग-अलग द्वारों से करते हैं। विष्णु जी की इस प्रतिमा को नेपाल की गंडकी नदी से लाए गए 12,008 पवित्र शालिग्राम पत्थरों से बनाया गया था।

श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर देश के सबसे धनी मंदिरों में शामिल है। इस मंदिर का पुनर्निर्माण त्रावणकोर राजपरिवार द्वारा 18वीं शताब्दी में करवाया गया था। यहां केरल और द्रविड़ वास्तुकला शैली का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलता है।

प्रतिमा के तीन द्वारों से दर्शन

यह प्रतिमा इतनी विशाल है कि श्रद्धालु इसके दर्शन एक साथ नहीं कर सकते। गर्भगृह के तीन अलग-अलग द्वारों से क्रमशः भगवान के चरण, नाभि और मुख के दर्शन होते हैं।

मंदिर के आंतरिक भाग में बेहद सुंदर चित्र बनाए गए हैं, जिनमें भगवान विष्णु, नरसिंह स्वामी, भगवान गणपति और गजलक्ष्मी की आकृतियां उकेरी गई हैं। इस मंदिर का भव्य ध्वजस्तंभ लगभग 80 फीट ऊंचा है, जिसे स्वर्ण-लेपित तांबे की चादरों से मढ़ा गया है।

यह भी पढ़ें: जगन्नाथ पुरी मंदिर में रोज क्यों बदली जाती है ध्वजा? धार्मिक महत्व सहित पढ़ें कौन निभाता है यह परंपरा

यह भी पढ़ें: दार्जिलिंग का महाकाल मंदिर: जहां एक ही छत के नीचे गूंजते हैं शिव के मंत्र और बुद्ध की प्रार्थनाएं

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।