जब नंदिनी नदी के बीचों-बीच साक्षात प्रकट हुईं थीं देवी! कर्नाटक के 'श्री दुर्गा परमेश्वरी मंदिर' की अनसुनी कहानी
कर्नाटक के कटील में स्थित श्री दुर्गा परमेश्वरी मंदिर अपनी अनूठी पौराणिक कथाओं के लिए प्रसिद्ध है। यह मंदिर पवित्र ...और पढ़ें

कटील के श्री दुर्गा परमेश्वरी मंदिर की रहस्यमयी कहानी (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
कटील मंदिर नंदिनी नदी के बीच एक द्वीप पर स्थित।
अरुणासुर राक्षस वध और देवी दुर्गा के प्राकट्य की कथा।
ऋषि जाबाली के श्राप से नंदिनी नदी का उद्भव।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हमारा देश न जाने कितने मंदिरों और धार्मिक स्थल का एक भव्य स्थान है, जहां लोग दूर-दूर तक दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे ही मंदिरों में से एक है भारत के दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित कर्नाटक का दुर्गा परमेश्वरि मंदिर जो अपनी विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है।
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह मंदिर पवित्र नंदिनी नदी के बीच बने एक छोटे से द्वीप पर स्थित है। इस मंदिर की कथा केवल इसकी भौगोलिक स्थिति तक सीमित नहीं है बल्कि इसके पीछे एक भयंकर ऋषि जाबाली की तपस्या भी है और नंदिनी के श्राप और देवी के प्राकट्य की पौराणिक कहानी भी।
आइए आपको बताते हैं इस मंदिर में ऐसा क्या खास है जो इसे अन्य धार्मिक स्थलों से अलग बनाता है और इसकी पौराणिक कथाओं में छिपे रहस्य क्या हैं?
कहां स्थित है श्री दुर्गा परमेश्वरी मंदिर कटील
यह मंदिर तटीय शहर मंगलुरु में, पवित्र नंदिनी नदी के बीच स्थित एक सुंदर उष्णकटिबंधीय द्वीप पर बना है जो असीम कृपा और कलात्मकता का प्रतीक माना जाता है।
भक्तों और पर्यटकों के दिलों में विशेष स्थान रखने वाला यह मंदिर न केवल शांति का केंद्र है, बल्कि अपने आप में सांस्कृतिक विरासत का एक जीवंत स्रोत भी है। मंदिर के चारों ओर फैली हरियाली, धीरे-धीरे बहता पानी और भक्तों की श्रद्धा से गूंजती आवाजें इस मंदिर को और भी खास बनाती हैं।
अरुणासुर राक्षस और देवी दुर्गा परमेश्वरी की कथा
कतील दुर्गा परमेश्वरी मंदिर की जड़ें प्राचीन पौराणिक कथाओं और किंवदंतियों से जुड़ी हैं। इस मंदिर का इतिहास सदियों पुराना है और इसका सीधा संबंध अरुणासुर राक्षस तथा देवी दुर्गा परमेश्वरी की कथा से है। प्रचलित कथा के अनुसार, अरुणासुर एक अत्यंत शक्तिशाली राक्षस राजा था, जिसने देवताओं और मनुष्यों को बहुत परेशान कर रखा था।
देवताओं की प्रार्थना पर, देवी दुर्गा एक सुंदर स्त्री का रूप धारण करके पृथ्वी पर आईं और उन्होंने अरुणासुर का वध कर दिया। अरुणासुर और भ्रामरी देवी की कथा का एक महत्वपूर्ण रूप केवल कतील के क्षेत्र पुराण में ही नहीं, बल्कि श्रीमद् देवी भागवत महापुराण के10वें स्कंद अध्याय 13 में भी मिलता है।
जिस स्थान पर माता दुर्गा ने राक्षस का संहार किया था वहीं एक मंदिर का निर्माण किया गया। आज यह स्थान धार्मिक उपासना का मुख्य केंद्र और तीर्थयात्रियों के लिए एक पवित्र स्थल माना जाता है, जिसे दुर्गा परमेश्वरी नाम से जाना जाता है।
नंदिनी नदी और देवी के प्राकट्य की कथा
कतील मंदिर की परंपरा के अनुसार, एक समय पृथ्वी पर भयानक सूखा पड़ा था। नदियां, झीलें और कुएं सूख गए थे। पेड़-पौधे मुरझाने लगे और मनुष्यों तथा पशु-पक्षियों के सामने भोजन और पानी का संकट खड़ा हो गया। इसी समय ऋषि जाबाली ने इस संकट को समाप्त करने के लिए यज्ञ करने का निश्चय किया।
कथा के अनुसार, ऋषि जाबाली ने स्वर्ग से कामधेनु को पृथ्वी पर लाने का प्रयास किया, लेकिन उस साय कामधेनु वहां नहीं थीं इस वजह से नंदिनी को भेजने की बात हुई। नंदिनी ने पृथ्वी पर आने से इनकार कर दिया। इससे दुखी और क्रोधित होकर ऋषि ने उन्हें नदी के रूप में पृथ्वी पर प्रवाहित होने का श्राप दे दिया।
इसके बाद नंदिनी ने कनकाचल पहुंचकर आदिशक्ति की कठोर तपस्या की। देवी ने उन्हें दर्शन देकर बताया कि ऋषि का श्राप व्यर्थ नहीं हो सकता, लेकिन उन्होंने यह वरदान दिया कि नंदिनी नदी के रूप में पृथ्वी पर प्रवाहित होंगी और एक दिन देवी स्वयं उनकी धारा के बीच प्रकट होंगी। उसी समय से माता का प्राकट्य नंदिनी नदी से जोड़ा जाता है और नदी के बीचों-बीच माता का यह पवित्र धार्मिक स्थल मौजूद है।
नवरात्र में मंदिर में लगता है भव्य मेला
यह मंदिर कई धार्मिक उत्सवों का एक जीवंत केंद्र माना जाता है, जिनमें नवरात्र सबसे प्रमुख है। देवी की महिमा के लिए मनाया जाने वाला यह नौ दिवसीय त्योहार गहरी श्रद्धा से भरा होता है। इसमें होने वाली पूजा-अर्चना और सामूहिक भोज दूर-दूर के भक्तों को मंदिर तक खींच लाते हैं। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिपूर्ण धुनों और पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोगों की भीड़ से भर जाता है और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
वास्तव में यह मंदिर अपनी अनोखी कथाओं और नदी के बीच स्थित होने की वजह से भक्तों के बीच आकर्षण का एक बड़ा नमूना प्रस्तुत करता है, जिसमें भक्त माता दुर्गा की भक्ति में डूब जाते हैं।
यह भी पढ़ें- दो भुजाओं से महिषासुर का संहार! मां बिरजा के इस स्वरूप की कहानी है बेहद खास
यह भी पढ़ें- भारत के इन इलाकों में दशहरा पर नहीं जलता रावण, दामाद और विद्वान मानकर होती है पूजा
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
