विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उदयपुर में घर के आंगन में चल रही थी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री, चार बंदूक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:08 PM (IST)

उदयपुर पुलिस ने कोटड़ा क्षेत्र के वेराकातरा गांव में घर के आंगन में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर चार टोपीदार बंदूकें और हथियार बनाने का सामान जब्त किया।

घर के आंगन में अवैध हथियार बनाने का खुलासा (जागरण)

घर के आंगन में अवैध हथियार बनाने का खुलासा (जागरण)

HighLights

  1. कोटड़ा में घर के आंगन में अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी।

  2. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बंदूकें जब्त कीं।

  3. हथियारों की आपूर्ति और नेटवर्क की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर जिले के आदिवासी बहुल कोटड़ा क्षेत्र में घर के आंगन में अवैध हथियार बनाने का मामला सामने आया है।

कोटड़ा (ग्रामीण) थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम वेराकातरा गांव में एक मकान पर दबिश देकर टोपीदार बंदूकें बनाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मौके से चार एकनाली टोपीदार बंदूकें और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री व उपकरण जब्त किए गए।

थानाधिकारी प्रभुलाल के अनुसार पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम जब वेराकातरा गांव स्थित मकान पर पहुंची तो आरोपी घर के बाहर आंगन में एकनाली टोपीदार बंदूकें बना रहा था। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए हथियार और निर्माण में प्रयुक्त सामान जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय मीराराम पुत्र हामा निवासी वेराकातरा, थाना कोटड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

हथियार कहां खपाने की थी तैयारी, जांच जारी

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी कब से अवैध हथियार बनाने में जुटा था और तैयार बंदूकों की आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। हथियार निर्माण के लिए सामग्री कहां से जुटाई जा रही थी और इस काम में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में जिला विशेष टीम (डीएसटी) उदयपुर के हेड कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार निर्माण के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ः वनकर्मियों ने नाली में फंसे हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला, मां के पास पहुंचने पर शांत हुआ दल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।