छत्तीसगढ़ः वनकर्मियों ने नाली में फंसे हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला, मां के पास पहुंचने पर शांत हुआ दल
अंबिकापुर के अलकापुरी गांव में वनकर्मियों ने नाली में फंसे हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। 17 हाथियों के दल के बीच, कबरा हाथी के सहयोग से बच्चा अपनी मां से मिल सका और दल शांत हुआ।

वनकर्मियों ने नाली में फंसे हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला (एआई से बनी तस्वीर)।
HighLights
अंबिकापुर में वनकर्मियों ने हाथी के बच्चे को बचाया।
नाली में फंसा नन्हा हाथी, सुरक्षित बाहर निकाला।
कबरा हाथी ने रेस्क्यू में सहयोग किया, दल शांत हुआ।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी गांव में शुक्रवार रात वनकर्मियों ने नाली में फंसे हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान 17 हाथियों का दल आसपास था।
दल का नेतृत्व कर रहे कबरा हाथी ने रेस्क्यू के दौरान वनकर्मियों पर हमला नहीं किया। उसने एक्सीवेटर को घटनास्थल तक आने दिया और अन्य हाथियों को नन्हे हाथी के पास नहीं जाने दिया।
19 लोगों की ले चुका है जान
कबरा पिछले छह माह में 19 लोगों की जान ले चुका है। 18 नवंबर को उसे ट्रैंक्विलाइज कर कालर आइडी लगाया गया था।हाथियों का दल शुक्रवार शाम करीब पांच बजे करमकटरा जंगल से उपका, खुटनपारा और महेशपुर की ओर बढ़ा।
किसान की सूचना पर पहुंचे वनकर्मी
रात करीब आठ बजे वह किसान अकलू यादव के खेत के पास पहुंचा, जहां बरसाती पानी की नाली में हाथी का बच्चा उल्टा फंस गया था। वनकर्मियों ने जोखिम उठाकर उसे निकाला। बचाव के बाद टीम करीब 45 मिनट रुकी। वनकर्मियों ने एक्सीवेटर की लाइटें बंद कर दीं। कुछ देर बाद बच्चा मां की आवाज सुनकर करीब 10 मीटर दूर खड़े दल की ओर दौड़ा। उसके मां के पास पहुंचते ही हाथियों का दल शांत हो गया।