उदयपुर में खतरनाक सड़क हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक; तीन चचेरे भाइयों की मौत
प्रतापगढ़ के धरियावद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई।

उदयपुर में सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत (AI जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
धरियावद में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकराने से हादसा।
केसरियावद गांव के तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हुई।
दो ने मौके पर दम तोड़ा, एक उदयपुर में इलाज के दौरान मरा।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में सलूंबर रोड स्थित लवकुश पेट्रोल पंप के पास गुरुवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से बाइक घुस गई।
हादसे में बाइक सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीनों केसरियावद गांव से किसी पारिवारिक काम से धरियावद जा रहे थे। हादसा रात करीब नौ बजे हुआ।
धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल के अनुसार हादसे में केसरियावद के खजूर फला निवासी कचरू मीणा (30) पुत्र धूलिया मीणा और केशूलाल (23) पुत्र नागजी मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल भेरूलाल (19) पुत्र नया मीणा को उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक
केसरियावद सरपंच उदयलाल ने बताया कि तीनों युवक गांव से धरियावद जा रहे थे। लवकुश पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
सूचना मिलने पर धरियावद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तीनों युवकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच करेगी।
तीनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। कचरू मीणा और केशूलाल विवाहित थे, जबकि भेरूलाल अविवाहित था। कचरू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे से गांव में शोक छा गया।
यह भी पढ़ें- उदयपुर: आंगन में खेल रही मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, 2 साल की बच्ची की मौत