उदयपुर: आंगन में खेल रही मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, 2 साल की बच्ची की मौत
उदयपुर के धामधर गांव में घर के आंगन में खेल रही दो साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

तेंदुए के हमले से दो साल की बच्ची की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
धामधर गांव में बच्ची पर तेंदुए का हमला।
दो साल की मासूम नीलम की हुई मौत।
वन विभाग ने लगाए पिंजरे और ट्रैप कैमरे।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। जिले में वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में पहुंचने का खतरा एक बार फिर दर्दनाक घटना के रूप में सामने आया है। गिर्वा पंचायत समिति क्षेत्र के धामधर गांव में गुरुवार शाम घर के आंगन में खेल रही दो साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
तेंदुआ घर की छत से बच्ची पर झपटा और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ भाग गया। परिजन लहूलुहान हालत में बच्ची को लेकर एमबी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्ची की पहचान सुरेश मीणा की बेटी नीलम उर्फ नगीना के रूप में हुई है। घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे उदयपुर शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर लकड़वास ग्राम पंचायत के धामधर गांव में हुई। गांव पहाड़ी क्षेत्र के नजदीक बसा है और पहाड़ी पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर मकान बने हुए हैं।
बच्ची के चाचा रमेश मीणा के अनुसार घटना के समय नीलम की मां घर के भीतर खाना बना रही थी, जबकि बच्ची आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान छत से तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां और परिवार के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।
रात में भी दिखा तेंदुए का मूवमेंट
घटना की सूचना पर वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सहायक वन संरक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के समीप झामरकोटड़ा का पहाड़ी इलाका और जंगल है।
तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घटनास्थल के आसपास दो पिंजरे और पांच ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार रात करीब 12 बजे भी तेंदुए को झाड़ियों से निकलकर पहाड़ी की ओर जाते देखा गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग उठाई। वन विभाग की टीम कैमरों और पिंजरों के माध्यम से लगातार निगरानी कर रही है।
बच्ची के पिता सुरेश मीणा झामरकोटड़ा की एक फैक्ट्री में हेल्पर हैं। परिवार में सात साल का एक बेटा भी है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां मासूम की मौत के बाद मातम पसरा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।