राजस्थान: बेटी की बिंदोरी में नाचते-नाचते पिता की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
उदयपुर में बेटी की बिंदोरी में नाचते हुए एक पिता की अचानक मौत हो गई। परिवार ने शादी की रस्में पूरी करने के लिए उनकी मृत्यु की खबर मां और बेटी से छिपाई और विदाई के बाद अंतिम संस्कार किया।

बेटी की शादी की खुशियों के बीच पिता की मौत। (फोटो-फाइल फोटो जागरण)
HighLights
बेटी की बिंदोरी में नाचते हुए पिता की अचानक मौत।
परिवार ने मां और बेटी से मृत्यु की खबर छिपाई।
बेटी की विदाई के बाद पिता का अंतिम संस्कार किया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। बेटी की शादी की खुशियों के बीच एक पिता की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। बेटी की बिंदोरी में पूरे उत्साह के साथ डांस कर रहे पिता को अचानक सीने में दर्द हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। परिवार ने बेटी की शादी की रस्में पूरी करने के लिए पिता की मौत की खबर पत्नी और बेटी से छिपाई। शव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर रात में ही बेटी के फेरे करवा दिए गए। बेटी की विदाई के बाद पिता का अंतिम संस्कार किया गया।
यह भावुक कर देने वाला मामला ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार (भूधर) गांव का है। जानकारी के अनुसार, शंकरलाल मेघवाल (51) अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी प्रियंका (26) की शादी 21 नवंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 20 नवंबर की देर रात बिंदोरी निकाली जा रही थी।
बिंदोरी में डांस करते समय उठा सीने में दर्द
रिटायर्ड शिक्षक नारायणलाल मेघवाल के अनुसार, बेटी की शादी की खुशियों में शंकरलाल भी जमकर डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा और तबीयत बिगड़ गई। उनके बेटे दिलीप मेघवाल (24) और उमेश मेघवाल (22) परिजनों के साथ उन्हें कार से ऋषभदेव अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर उदयपुर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया।
मां और बेटी से छिपाई पिता की मौत की खबर
पिता की मौत के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेटी की शादी की रस्में पूरी करने की थी। परिजनों ने शंकरलाल के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। बेटे ने अपनी मां और बहन को बताया कि पिता आईसीयू में भर्ती हैं और फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं हैं।
इधर, शादी की तैयारियां और रस्में बीच में न रुकें, इसके लिए परिवार ने दूल्हे पक्ष को पूरी घटना की जानकारी दी और रात में ही बारात लाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें- राजस्थान: 'चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात', पंचायत चुनाव में हार के बाद बीजेपी उम्मीदवार ने हटवाई 50 स्ट्रीट लाइटें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।