चित्तौड़गढ़: टैंकर से टकराकर गड्ढे में काम कर रहे मजदूरों पर पलटी कार, तीन की मौत और 10 घायल
चित्तौड़गढ़ में नेशनल हाईवे-27 पर एक तेज रफ्तार कार पानी के टैंकर से टकराकर 15 फुट गहरे गड्ढे में जा ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
तेज रफ्तार कार टैंकर से टकराकर 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरी।
ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत।
दस लोग घायल हुए, तीन गंभीर हालत में भीलवाड़ा रेफर।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर बन रहे एक ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार पानी के टैंकर से टकराकर 15 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला समेत 3 मजदूरों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार को चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर मेनाल के पास हुआ। बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुड़ी ने बताया कि मेनाल जोगणिया माता जाने वाले रास्ते पर एक ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा था। इसके लिए खोदे गए गड्ढे में 7 मजदूर काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
मजदूरों के ऊपर जा गिरी कार
उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार पहले हाईवे पर निर्माण कार्य के लिए खड़े पानी के टैंकर से टकराई और फिर गड्ढे में जा गिरी, जहां वह मजदूरों के ऊपर आ गई। मृतकों की पहचान भीलवाड़ा जिले के रहने वाले बिहारी (45), मांडलगढ़ के सावता (50) और गंगराड़ की प्रेम बाई (40) के रूप में हुई है।
तीन लोगों की हालत गंभीर
घायलों में 4 मजदूर और कार में सवार 6 लोग शामिल हैं। इनमें से 3 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।