इधर-उधर लहराई और लोगों की जान खतरे में डाली... जयपुर में थार से स्टंट का वीडियो वायरल
जयपुर में एक काली थार से खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें ड्राइवर व्यस्त सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चला रहा है।
HighLights
जयपुर में काली थार से खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल।
व्यस्त सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चलाकर जान खतरे में डाली।
पुलिस ने वायरल फुटेज पर जांच शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन।
डिजिटल डेस्क, जयपुर। थार से स्टंट के वीडियो आए दिन वायरल हो रहे हैं। कई मामलों में लोगों की जान जाने की घटनाएं भी हुईं। ताजा मामला राजस्थान के जयपुर से सामने आया है, जहां काले रंग की थार से खतरनाक स्टंट किया गया। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जयपुर का एक वीडियो वायरल होने के बाद चिंता बढ़ गई है। इसमें एक ड्राइवर को वैशाली नगर में आम्रपाली सर्कल के पास एक व्यस्त सड़क पर काली महिंद्रा थार से खतरनाक स्टंट करते देखा गया।
लोगों की जान का खतरा, उठे सवाल
इस लापरवाह ड्राइविंग से अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई। थार को सार्वजनिक सड़क पर इधर-उधर लहराते और खतरनाक तरीके से चलाते हुए देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है, जिस पर लोग कड़ी आलोचना कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पुलिस ने वायरल फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का पता चलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।