यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजस्थान में शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, पौने चार लाख अभ्यर्थियों को झटका; मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने पर्चा लीक मामले के मुख्य अभियुक्त सुरेश विश्नोई सहित 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर में गिरफ्तार किया गया सुरेश जोधपुर का निवासी है। वह जालौर के सरकारी स्कूल में शिक्षक है। उसके साथ पांच लोग इस मामले में शामिल थे।

जागरण संवाददाता,जयपुर। राजस्थान में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के ग्रुप सी के सामान्य ज्ञान और मनोविज्ञान के पर्चा लीक होने के बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई है। राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से शनिवार को आयोजित होने वाली परीक्षा का पर्चा लीक होने के बाद निरस्त किए जाने से परीक्षा में बैठने वाले तीन लाख 74 हजार अभ्यार्थियों को झटका लगा है। आयोग का कहना है कि जांच के बाद परीक्षा की अगली तिथि घोषित की जाएगी। प्रदेश में 28 जिलों के 1193 परीक्षा केंद्रों पर सुबह नौ से ग्यारह बजे तक परीक्षा होनी थी। लेकिन परीक्षा प्रारंभ होने से कुछ देर पहले ही आयोग के अध्यक्ष संजय क्षोत्रिय ने परीक्षा निरस्त करने के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार देर रात पेपर लीक होने की जानकारी मिली थी: पुलिस अधीक्षक
पुलिस ने पर्चा लीक मामले के मुख्य अभियुक्त सुरेश विश्नोई सहित 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर में गिरफ्तार किया गया सुरेश जोधपुर का निवासी है। वह जालौर के सरकारी स्कूल में शिक्षक है। उसके साथ पांच लोग इस मामले में शामिल थे। उदयपुर पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर रात पेपर लीक होने की जानकारी मिली थी। शनिवार सुबह बेकरिया पुलिस थाने के बाहर एक बस को रोका तो उसमें सुरेश सहित 44 लोग सवार थे। जांच में सामने आया कि सुरेश बस में बैठे अभ्यर्थियों को पर्चा हल करवा रहा था। सभी को हिरासत में लिया गया। इनके पास मूल पर्चे की प्रति थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेश और उसके साथियों ने अभ्यर्थियों को दस-दस लाख में बेचा था।पैसे लेने के बाद सुरेश सभी अभ्यर्थियों को एक बस में बिठाकर परीक्षा केंद्रों तक ला रहा था। बस में सवार सभी अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र उदयपुर जिले में थे। पुलिस के अनुसार जयपुर से सुरेश धाका और भजनलाल ने व्हाट्सअप के जरिए सुरेश को पर्चा भेजा था। इन दोनों के पास पर्चा कैसे पहुंचा,इस बात की जांच की जा रही है। पुलिस ने शनिवार शाम को सुरेश सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
गहलोत बोले- दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा,मैं परीक्षार्थियों को होने वाली परेशानी महसूस कर सकता हूं,परंतु अनुचित तरीके से परीक्षा पास करने के मंसूबे पाल कर आए लोगों का चयन नहीं होने दिया जाएगा । राजस्थान में सिर्फ मेहनती युवाओं को ही उनका हक मिलेगा । मेरी अपील है कि किसी के बहकावे में आने के बजाय युवा अपनी तैयारी करें । सरकार किसी भी युवा के साथ अन्याय नहीं होने देगी । दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी । पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को स्वच्छ एवं निष्पक्ष करवाने के लिए पुलिस तत्पर है। पुलिस की सजगता के कारण नकल कराने वाले गिरोह को निरंतर पकड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नकल करने के प्रयास करने वाले अभ्यर्थियों को हमेशा के लिए भर्ती परीक्षाओं से वंचित करने को लेकर आयोग को पत्र लिखा जाएगा।
भाजपा ने प्रदर्शन किया
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और परीक्षा निरस्त किए जाने के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। जयपुर में शिक्षामंत्री डॉ.बी.डी.कल्ला के आवास के मुख्यद्वार पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ताला लगाने की कोशिश की । सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा । आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद के राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीणा ने कहा कि राजस्थान देशभर में पेपर लीक कि राजधानी बन गया है भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियाने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण पेपर लीक गिरोह सक्रिय हैं।