यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan: आठ साल के बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
जयपुर में एक दुष्कर्म पीड़िता सोमवार को अपने आठ साल के बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक पीड़िता पानी की टंकी पर बैठी रही। जिसके बाद महिला को पानी की टंकी से नीचे उतारा गया।

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक दुष्कर्म पीड़िता सोमवार को अपने आठ साल के बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक पीड़िता पानी की टंकी पर बैठी रही। पीड़िता का आरोप है कि उसने महिला पुलिस थाने में खुद का बाल विवाह होने और पति द्वारा सालों तक दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कुछ भी नहीं किया।
पीड़िता ने ईमानदार अधिकारी से की जांच करवाने की मांग
पीड़िता ने ईमानदार अधिकारी से मामले की जांच करवाने की मांग की। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद महिला और बच्चे को टंकी से नीचे उतारा गया। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय महिला अपने आठ साल के बच्चे के साथ शहर की लोको कालोनी में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी थी। वह करीब दो घंटे टंकी पर बैठी रही। नीचे उतरने के बाद महिला को पुलिस थाने ले जाकर पूछताछ की गई। उसके स्वजनों को सूचना देकर बुलाया गया।
पीड़िता ने अपने पति पर लगाए गंभीर आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि कई पहले 15 साल की उम्र में पिता और भाईयों ने उसका बाल विवाह कर दिया था। उसने कहा कि मेरे पति ने इच्छा के विरूद्ध कई बार दुष्कर्म किया। इसमे उसके स्वजनों ने भी सहयोग किया। कई दिनों तक कमरे में बंदी बनाकर रखा गया। पति ने मारपीट भी की। आरोप है कि पति उसे बार-बार कहता था कि तुझे पिता को पैसे देकर खरीदकर लाए हैं। विवाह के समय पति की उम्र 27 साल थी।
पीड़िता का आरोप- पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
पीड़िता ने बताया कि बाड़मेर स्थित ससुराल से मौका देखकर वह छह महीने पहले निकलकर स्थानीय पुलिस थाने में पहुंची थी। पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पति पुलिस थाने से जबरन अपने साथ ले गया। पीड़िता ने बताया कि दो दिन पहले वह मौका देखकर ससुराल से निकली और जयपुर पहुंची। यहां आकर पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी मिली, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर पानी की टंकी पर चढ़ गई।