राजस्थान पंचायत चुनाव रिजल्ट: सीएम भजनलाल और वसुंधरा के गढ़ में भी हारी भाजपा, सीकर में मंत्री के परिवार से कोई नहीं जीता
राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को बड़ा झटका दिया है, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में भी कांग्रेस आगे रही।
-1795189189179_m.webp)
HighLights
कांग्रेस ने पंचायत चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस आगे रही।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को भी हार मिली।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को बड़ा झटका देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।
चुनाव परिणामों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तस्वीर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ से सामने आई है। दोनों ही जगह भाजपा के मुकाबले कांग्रेस आगे रही है।
सीकर जिले में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। परिवार के तीन लोगों ने चुनाव लड़ा था और तीनों को करारी हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि, यहां इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि पंचायत चुनाव पार्टी के बजाय स्थानीय मुद्दों पर ज्यादा लड़े जाते हैं। इसमें स्थानीय समीकरण ज्यादा प्रभावी रहते हैं।
भरतपुर में जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज नौ सीटें मिलीं। एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में गई। जिले के भुसावर में कांग्रेस ने 11, निर्दलीयों ने सात और भाजपा ने एक सीट जीती, जबकि रूपवास में भाजपा और कांग्रेस को सात-सात तथा निर्दलीयों को नौ सीटों पर जीत मिली है।
मुख्यमंत्री के गढ़ में हारी बीजेपी
मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस की इस बढ़त को भाजपा के लिए राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
जिले के आठ नगर निकायों में से चार झालावाड़, भवानी मंडी, खानपुर और डग में कांग्रेस को बहुमत मिला, जबकि भाजपा को तीन निकायों झालरापाटन, अकलेरा और मनोहर थाना में जीत मिली।
झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस ने 29 और भाजपा ने 13 सीटें जीती थीं। जिले में कांग्रेस की बढ़त इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि झालावाड़ लंबे समय से वसुंधरा राजे का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता रहा है। यहां पंचायत चुनावों में भाजपा का पिछड़ना पार्टी के लिए चिंता का विषय है।
झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार
मंत्री की पत्नी और दोनों बेटे हार गए सीकर जिले में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को जबर्दस्त हार का सामना करना पड़ा।
मंत्री की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड संख्या 17 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी सरिता देवी ने 51 वोटों से पराजित किया। उनके छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 20 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी भैरूलाल वर्मा ने 60 वोटों से हरा दिया।
वहीं, बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड संख्या 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे, लेकिन वह भी चुनाव नहीं जीत सके। इस तरह मंत्री की पत्नी और दोनों बेटों को हार का सामना करना पड़ा।
सीकर की अजीतगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को तीन और एक सीट आरएलपी को मिली।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रभाव वाले झोटवाड़ा में भी भाजपा पिछड़ी राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी कांग्रेस की बढ़त ने भाजपा की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
जयपुर जिले में कांग्रेस ने 22 पंचायत समितियों में से 14 में बहुमत हासिल किया। भाजपा को केवल दो पंचायत समितियों में बहुमत मिला, जबकि सांगानेर में आरएलपी ने बढ़त बनाई है। यह क्षेत्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विधानसभा सीट से जुड़ा है।
उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रभाव वाले झोटवाड़ा में भी भाजपा को पंचायत समिति की 15 सीटों में से केवल एक सीट मिली। चूरू में भी कांग्रेस ने जिला परिषद की 39 में से 21 सीटें जीतकर भाजपा को पीछे छोड़ दिया।
कांग्रेस 33 तो भाजपा सिर्फ चार जिलों में रही आगे
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने पंचायत समिति की कुल 3,701 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा के खाते में 2,181 सीटें आईं। वहीं, जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 599 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा को 301 सीटें मिलीं।
जिलावार नतीजों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने मतगणना वाले कुल 37 जिलों में से 33 जिलों में पंचायत समिति की सीटों पर भाजपा से अधिक जीत हासिल की। वहीं, भाजपा केवल चार जिलों अजमेर, बालोतरा, सलूंबर और उदयपुर में कांग्रेस से आगे रही।
जनता ने भाजपा सरकार के जाने का दिया संकेत
गहलोत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को भाजपा सरकार के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस को भारी जीत दिलाकर भाजपा सरकार को संकेत दे दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर और महिलाएं भाजपा सरकार की उपेक्षा तथा वादाखिलाफी से परेशान हैं। गांवों की समस्याओं को नजरअंदाज करना सरकार को भारी पड़ा है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने BJP को पछाड़ा; 3701 पंचायत समिति और 599 जिला परिषद सीटों पर किया कब्जा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।