यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Politics: मंत्री मुरारी लाल मीणा बोले, सीएम के बारे में शीघ्र निर्णय करे आलाकमान
Rajasthan Politics सचिन पायलट के विश्वस्त और राजस्थान के कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा ने कहा कि आलकमान को ...और पढ़ें

जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan Politics: राजस्थान कांग्रेस का राजनीतिक संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) के विश्वस्त और कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा (Murari Lal Meena) ने कहा कि आलकमान को सीएम सहित सभी निर्णय शीघ्र करने चाहिए। निर्णय करने में जितनी देरी होगा, उतना ही पार्टी को नुकसान होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) द्वारा पायलट खेमे के विधायकों के भाजपा से दस-दस करोड़ रुपये लेने के आरोपों पर मीणा ने कहा कि सीएम सबूत दें। उन्होंने कहा कि हम 24 कैरेट सोना हैं। सोने को कभी जंग नहीं लगती। सीएम के पास यदि कोई ठोस सबूत हैं तो जांच करवाकर कार्रवाई करनी चाहिए थी, केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।
कहा-आलकामान को सीएम के बारे में शीघ्र निर्णय करना चाहिए
अशोक गहलोत द्वारा सचिन पायलट को छोड़कर 102 विधायकों में से किसी को भी सीएम बनाने के सवाल पर मीणा ने कहा कि 10-15 विधायक तो हमारे साथ यहीं घूम रहे हैं। रविवार को दौसा में मीणा ने कहा कि यदि 2023 में हमने मिलकर चुनाव नहीं लड़ा तो प्रदेश में कांग्रेस को भारी नुकसान होगा। आलाकमान को इस विवाद का समाधान करने के लिए सभी विधायकों की व्यक्तिगत राय जाननी चाहिए। जरूरत हो तो विधायकों से मतदान भी करवा लें। सब मिलकर सहमति से कोई फैसला कर दें, तुरंत प्रभाव से इस विवाद का समाधान होना चाहिए। मीणा ने कहा कि सरकार ने बहुत काम किए हैं, लेकिन पार्टी के आंतरिक विवाद के कारण सभी कामों पर पानी फिर रहा है।
राहुल गांधी की यात्रा से पहले गुर्जर नेताओं से बात होगी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में प्रवेश करने पर विरोध करने की गुर्जर समाज की चेतावनी के बाद सरकार ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया है। सोमवार सुबह जयपुर स्थित सचिवालय में गुर्जर नेता विजय बैंसला सहित अन्य नेताओं के साथ शिक्षामंत्री बीडी कल्ला, खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना, गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव और देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना की बैठक होगी। गुर्जर नेता साल, 2019 और 2020 में गुर्जर समाज के साथ हुए समझौते को सरकार द्वारा अब तक पूरा नहीं किए जाने का मुद्दा उठा रहे हैं।
