विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटा के कोचिंग सेंटर में खूनी झड़प, JEE के छात्र ने क्लासमेट पर टॉय गन की बट से किया हमला

Published: Sat, 17 Oct 2026 04:05 PM (IST)

कोटा के एक कोचिंग संस्थान में 16 वर्षीय जेईई छात्र पर उसके सहपाठी ने खिलौना बंदूक से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई।

कोटा में JEE एस्पिरेंट्स के बीच हुई लड़ाई (AI जेनरेटेड फोटो)

कोटा में JEE एस्पिरेंट्स के बीच हुई लड़ाई (AI जेनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. कोटा में JEE छात्र पर खिलौना बंदूक से हमला।

  2. सहपाठी ने बहस के बाद किया सिर पर वार।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के कोटा के एक कोचिंग संस्थान में 16 साल के JEE अभ्यर्थी पर उसके ही एक सहपाठी ने खिलौना बंदूक के पिछले हिस्से (बट) से सिर पर मारा।

घायल छात्र को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां वह अभी भी भर्ती है। पुलिस के मुताबिक, छात्र खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि दोनों ही युवकों की उम्र 16 साल है।

JEE छात्र पर खिलौना बंदूक से हमला

कोटा की यह घटना शुक्रवार, 16 अक्टूबर की शाम जवाहर नगर थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसमें एक छात्र ने दूसरे पर खिलौना बंदूक से हमला कर दिया।

इस घटना से कोचिंग परिसर में हड़कंप मच गया और संस्थान के अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। हमले के बाद मौके पर अन्य छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जवाहर नगर थाने के सर्कल इंस्पेक्टर मुकेश मीणा ने बताया, 'दोनों छात्र एक ही क्लास में पढ़ते हैं और ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) की तैयारी कर रहे हैं। घायल छात्र बिहार का रहने वाला है, जबकि दूसरा छात्र उत्तर प्रदेश का है।'

इंस्पेक्टर मुकेश मीणा ने बताया, 'बहस के दौरान, उत्तर प्रदेश के छात्र ने अपने सहपाठी के सिर पर खिलौना बंदूक के पिछले हिस्से से वार कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घायल छात्र कोटा में अपनी मां के साथ रहता है। मां की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे नाबालिग छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।'

छात्रों की उम्र को देखते हुए पुलिस अधिकारी ने इस बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर ने इतना ही बताया कि कानूनी प्रविधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, 15 फीट गहरे नाले में गिरी बस; मध्यप्रदेश के 8 श्रद्धालुओं की मौत