जयपुर में भाजपा MLA बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सेशन जज को धमकाने का आरोप
जयपुर में भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ एक न्यायिक अधिकारी को धमकाने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
-1795802652983_m.webp)
हवामहल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
HighLights
भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य पर न्यायिक अधिकारी को धमकाने का आरोप।
जयपुर में समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का भी मुकदमा दर्ज।
विधायक ने अवैध निर्माण पर मजिस्ट्रेट को घेरा।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान की हवामहल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और एक न्यायिक अधिकारी (सेशन जज) को धमकाने और दो समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मजिस्ट्रेट के रिश्तेदार व अधिवक्ता मोहम्मद याकूब खान की ओर से अदालत में शिकायत दायर किए जाने के बाद 23 नवंबर को गलता गेट थाने में विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
अधिवक्ता का आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को बालमुकुंद आचार्य समर्थकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जयपुर के बस बदनपुरा क्षेत्र स्थित मीणा कालोनी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मेरे चचेरे भाई मोहम्मद आरिफ के घर के पास धमकी भरे बयान दिए।
विधायक ने इलाके से हिंदुओं के पलायन और मुसलमानों द्वारा वहां मकान खरीदने व मरम्मत कराने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
आरोप है कि इन बयानों के जरिए दोनों समुदायों के बीच तनाव और वैमनस्य पैदा करने की कोशिश की गई।अधिवक्ता याकूब खान के अनुसार, विधायक चाहते थे कि उनके चचेरे भाई मोहम्मद आरिफ अपनी संपत्ति बेचकर इलाके से कहीं और चले जाएं।
उन्होंने दावा किया कि आरिफ के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में विधायक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं होने पर अदालत का रुख किया।
गलता गेट थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि अदालत के निर्देश पर आपराधिक साजिश, विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने, राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल बयान देने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से किए गए कृत्यों और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अवैध निर्माण करा रहे थे मजिस्ट्रेट: विधायक
भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि संबंधित मजिस्ट्रेट अवैध रूप से निर्माण कार्य करवा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि मोहम्मद आरिफ के जयपुर में कई अवैध मकान हैं। कालोनी के लोगों ने निर्माण का विरोध किया था, जिसके बाद वह भी मौके पर पहुंचे थे।
विधायक के मुताबिक, विरोध के बाद अधिकारियों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन आरोप है कि मोहम्मद आरिफ ने मजिस्ट्रेट होने का रुतबा दिखाकर दोबारा काम शुरू कराया और निर्माण पूरा करवा लिया।
यह भी पढ़ें- राजस्थान SOG ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 से 8 लाख रुपये में बेचीं 350 फर्जी डिग्रियां; सरगना गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।