विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान SOG ने किया अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 से 8 लाख रुपये में बेचीं 350 फर्जी डिग्रियां; सरगना गिरफ्तार

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:49 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में फर्जी डिग्री पर नौकरी करने वाले रामकिशोर की गिरफ्तारी से पांच राज्यों में फैले एक बड़े फर्जी डिग्री रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. फर्जी डिग्री पर नौकरी करने वाले रामकिशोर की गिरफ्तारी से खुलासा।

  2. पांच राज्यों में 350 युवाओं को बेचीं फर्जी एमबीबीएस डिग्रियां।

  3. मास्टरमाइंड खुर्रम तौफीक सहित कई आरोपी गिरफ्तार किए गए।

जागरण संवाददाता, जयपुर। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी करने वाले राजस्थान के करौली निवासी रामकिशोर को गिरफ्तार किया था। आरोपित ने 12वीं की परीक्षा भी पास नहीं की थी। इसके बावजूद उसने फर्जी एमबीबीएस और एमडी की डिग्री बनवाई और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराकर जूनियर रेजिडेंट की नौकरी हासिल कर ली।

रामकिशोर से पूछताछ के बाद एसओजी की अलग-अलग टीम विभिन्न राज्यों में गई और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, शेष की तलाश जारी है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के मुताबिक, पांच राज्यों में फैले इस नेटवर्क ने 40 विश्वविद्यालयों और संस्थानों के नाम पर फर्जी प्रमाणपत्र बनाए और 350 युवाओं को पांच से आठ लाख लेकर एमबीबीएस और एमडी की फर्जी डिग्रियां बेच दीं।

इस फर्जी डिग्री रैकेट का राजफाश राजस्थान मेडिकल काउंसिल की शिकायत से हुआ। काउंसिल के रजिस्ट्रार ने 6 अक्टूबर 2024 को जयपुर के अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि कुछ लोग फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज के आधार पर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।

जांच के दौरान पुलिस रामकिशोर महावर तक पहुंची। पूछताछ में तीन अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, ये सभी आनलाइन माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे और कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले थे। गिरोह में हर व्यक्ति की अलग भूमिका थी। कोई ग्राहकों से संपर्क करता था, कोई फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करता था और कोई उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था।

इसका जाल दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक फैला था। मामले में पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। गिरोह का सरगना उत्तर प्रदेश का आजमगढ़ निवासी खुर्रम तौफीक है। वह वर्ष 2022 से तकनीकी सेंध लगाकर फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करता था।

तौफीक को गुरुवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का दूसरा सदस्य मध्य प्रदेश के ग्वालियर का निवासी मनीष मांझी है। वह फर्जी अंकतालिका और डिप्लोमा तैयार करता था। बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर निवासी सत्यजीत पाणिग्रही इंटरनेट मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने जाल में फंसाकर फर्जी डिग्रियों का सौदा करता था।

सत्यजीत को गुरुवार को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। गिरोह इंटरनेट मीडिया पर मेडिकल एजुकेशन के नाम से विज्ञापन के माध्यम से युवाओं को फंसाता था। शुक्रवार को एसओजी के जयपुर कार्यालय में गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों से पूछताछ की गई।

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।