राजस्थान के करौली में चचेरे भाइयों को फंसाने के लिए पिता ने बेटी को मार डाला, हत्या का मुकदमा दर्ज
राजस्थान के करौली में एक पिता ने चचेरे भाइयों को फंसाने के लिए अपनी आठ महीने की बेटी को जमीन पर पटक कर मार डाला।

पिता ने की 8 महीने की बच्ची की हत्या।
HighLights
पिता ने चचेरे भाइयों को फंसाने के लिए बेटी को मार डाला।
आठ महीने की बेटी को जमीन पर पटक कर की हत्या।
पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल किया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के करौली जिले में चचेरे भाइयों को हत्या के आरोप में फंसाने के लिए एक पिता ने अपनी ही आठ महीने की बेटी को कथित तौर पर जमीन पर पटक-पटक कर मार डाला।
इसके बाद आरोपित ने पुलिस थाने में चार चचेरे भाइयों और उनकी पत्नियों के खिलाफ बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। यह वारदात 28 अक्टूबर की है। पुलिस के अनुसार, आरोपित पिता ने हिरासत में पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की है, जिसके बाद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
पुलिस थाना अधिकारी नरेश पोसवाल ने बताया कि आरोपित रामदेव जाटव ने 28 अक्टूबर को चार चचेरे भाइयों और उनकी पत्नियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार, चचेरे भाई व उनकी पत्नियों ने उसकी आठ महीने की बेटी के सिर पर डंडे से हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गई थी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में रामदेव की भूमिका संदिग्ध नजर आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद 31 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि झगड़े के समय बेटी उसकी गोद में थी। चाचा के बेटों को फंसाने के लिए उसने बेटी की हत्या कर दी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि रामदेव का 27 अक्टूबर को अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिससे वह घर छोड़कर चली गई थी। चाचा के बेटों के समझाने पर वह वापस घर आई थी। अगले दिन 28 अक्टूबर को इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।