ईडी ने 2676 करोड़ के Nexa Evergreen निवेश घोटाले के मास्टरमाइंड को जयपुर से दबोचा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप के ₹2,676 करोड़ के निवेश घोटाले के मास्टरमाइंड रणवीर बिजारणिया को जयपुर से गिरफ्तार किया है।

नेक्सा एवरग्रीन निवेश घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
ईडी ने 2,676 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के मास्टरमाइंड को पकड़ा।
रणवीर बिजारणिया नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप का मुख्य आरोपित है।
47,664 निवेशकों के ₹932.54 करोड़ की कमी सामने आई।
जागरण संवाददाता, जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप के ₹2,676 करोड़ के निवेश घोटाले में मुख्य आरोपित और मास्टरमाइंड रणवीर सिंह उर्फ रणवीर बिजारणिया को गिरफ्तार किया है।
ईडी के अनुसार, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत आरोपित रणवीर बिजारणिया को गिरफ्तार करने के बाद जयपुर स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिसंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।
ईडी ने राजस्थान पुलिस की ओर से नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप के खिलाफ दर्ज कई एफआइआर और दाखिल आरोपपत्रों के आधार पर जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि आरोपित और सुभाष चंद्र बिजनोरिया और अन्य सहयोगियों ने दावा किया था कि निवेशकों का पैसा गुजरात के धोलेरा स्मार्ट सिटी में जमीन विकास और प्लाटिंग परियोजनाओं में लगाया जाएगा।
एवज में निवेशकों को 60 सप्ताह तक हर सप्ताह 3 प्रतिशत का रिटर्न मिलेगा। इसके अलावा, नए निवेशकों को जोड़ने पर कमीशन और लैपटाप, मोटरसाइकिल तथा कार जैसे आकर्षक इनाम देने का भी वादा किया गया था। इसके लिए मल्टी-लेवल रेफरल स्कीम चलाई गई।
कंपनी के डाटा की जांच में पता चला कि 47,664 निवेशकों को उनकी ओर से जमा की गई राशि से कम पैसा वापस मिला। इस तरह कुल 932.54 करोड़ रुपये की कमी सामने आई।
जांच में यह भी राजफाश हुआ कि रणवीर बिजारणिया ने नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप के पूरे नेटवर्क और संचालन की योजना तैयार की थी। वह और सुभाष चंद्र बिजनोरिया कथित तौर पर इस धोखाधड़ी योजना को पूरी तरह नियंत्रित कर रहा था।
52 करोड़ रुपये की संपत्तियां हो चुकी हैं जब्त
इससे पहले जून 2025 में ईडी ने पीएमएलए की धारा 17 के तहत जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और अहमदाबाद में 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 2.05 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे, जबकि बैंक खातों में जमा 15.31 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की गई थी।
इस मामले में ईडी ने 10 अगस्त को सह-आरोपित सुभाष चंद्र बिजनोरिया को भी पीएमएलए की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया था। अब तक की कार्रवाई में इस मामले से जुड़ी करीब 52 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त, फ्रीज या कुर्क की जा चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।