उदयपुर में डंडों से पीटकर ऑटो चालक की हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात आपसी विवाद के बाद एक ऑटो चालक अर्जुन लोहार की डंडों ...और पढ़ें

अस्पताल में जमा परिजन।
HighLights
उदयपुर में ऑटो चालक अर्जुन लोहार की पीटकर हत्या।
आपसी विवाद में डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर छह आरोपियों को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र के धोल की पाटी गांव में सोमवार देर रात आपसी विवाद के बाद एक ऑटो चालक की डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान अर्जुन लोहार (35) निवासी धोल की पाटी के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना रात करीब 11:50 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, रात में कुछ लोग अर्जुन के पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने डंडों से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
झगड़े में घायल होने की मिली थी सूचना
थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि धोल की पाटी में झगड़े के दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया है। उसे एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात में ही छह संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
परिजनों ने जताया आक्रोश
मंगलवार को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक के परिजन और ग्रामीण एकत्रित हुए। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। परिजनों का कहना है कि अर्जुन का किसी से कोई विवाद नहीं था। उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। वह सवीना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।