Rajya Sabha Election 2020: वसुंधरा राजे ने बढ़ाई भाजपा नेतृत्व की चिंता, कांग्रेस निश्चिंत
Rajya Sabha Election 2020. कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव होने पर वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह ने अपना टेस्ट कराया था।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। Rajya Sabha Election 2020. राजस्थान से राज्यसभा की दो सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होना है। राज्य में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। चुनावी तैयारियों में जुटी भाजपा के लिए मुसीबत यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने खुद को आइसोलेशन में कर रखा है। पिछले दिनों वसुंधरा राजे लखनऊ में सिंगर कनिका कपूर से एक डिनर पर मिली थी। कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव होने पर वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह ने अपना टेस्ट कराया था, हालांकि उनके सैंपल नेगेटिव आए, लेकिन फिर भी वसुंधरा राजे और दुष्यंत सिंह ने खुद को 14 दिन के आइसोलेशन में रख लिया है।
वोटों के गणित के हिसाब से कांग्रेस जहां अपने दोनों प्रत्याशियों राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी की जीत को लेकर निश्चिंत है।
भाजपा ने गोपाल गहलोत और ओंकार सिंह लखावत को मैदान में उतारा है। हालांकि दोनों सीटें जीतने का बहुमत भाजपा के पास नहीं है, लेकिन निर्दलीयों व अन्य पार्टियों में तोड़फोड़ के इरादे से दो प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। हालांकि पार्टी दोनों ही पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि अंतत निर्दलीय कांग्रेस के साथ ही रहेंगे।
वहीं, दो दिन से भाजपा की चिंता बढ़ी है। वसुंधरा राजे के आइसोलेशन में जाने के बाद भाजपा का प्रदेश नेतृत्व इस विचार-विमर्श में जुटा है कि उन्हें राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के लिए आने को लेकर तैयार कैसे किया जाए। प्रदेश नेतृत्व की अब तक तो वसुंधरा राजे से बात नहीं हो सकी है, लेकिन यह विचार करना शुरू कर दिया है कि वे नहीं आई तो पार्टी का एक वोट कम हो जाएगा। इस बारे में सरकार मुख्य सचेतक महेश जोशी का कहना है कि वसुंधरा राजे को लेकर चुनाव आयोग फैसला करेगा। इस बारे में चुनाव आयोग को पत्र लिखा जाएगा।
राज्यसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही मंगलवार को अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। कांग्रेस की बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय किए गए पर्यवेक्षक पार्टी के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव और रणदीप सिंह सुरजेवाला मौजूद रहेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि मंगलवार को होने वाली विधायक दल की बैठक में चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
यह है राजस्थान विधानसभा चुनाव का गणित
200 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस के खुद के 107 विधायक है । 13 में से 12 निर्दलीय विधायकों एवं भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो एवं राष्ट्रीय लोकदल के एक विधायक भी कांग्रेस के साथ है। भाजपा के खुद के 72 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के तीन विधायकों सहित भाजपा के पास 75 विधायकों का बहुमत है। तीन विधायक माकपा के हैं, ये भी चुनाव की स्थिति में कांग्रेस के साथ ही रहेंगे ऐसा पार्टी नेताओं का मानना है। प्रत्येक प्रत्याशी को चुनाव जीतने के लिए प्रथम वरियता के 31 वोट चाहिए। कांग्रेस के पास तो प्रथम वरियता के 102 वोटों का इंतजाम है,लेकिन भाजपा के लिए मुश्किल लगता है।
विस सत्र और राज्यसभा चुनाव को लेकर संशय
प्रदेश में 31 मार्च तक पूरी तरह से लॉक डाउन है । ऐसे हालता में 26 मार्च को विधानसभा सत्र कैसे बुलाया जा सकता है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी,मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया आपसी विचार-विमर्श में जुटे हैं। इसी दिन राज्यसभा चुनाव होने हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आइसोलेशन में हैं। ऐसे में कुछ विधायक चाहते हैं कि राज्यभसभा चुनाव एक सप्ताह आगे खिसकाने को लेकर चुनाव आयोग से बात की जाए।
यह भी पढ़ेंः सिंगर कनिका कपूर से मिलने के बाद सेल्फ आइसोलेशन में हैं वसुंधरा राजे और दुष्यंत