फौजी की पत्नी के देवर से बन गए संबंध, छुट्टी आया तो घोंट दिया पति का गला
महिला के अपने देवर से संबंध बन गए। पति जब छुट्टी आया तो उसने देवर के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जेएनएन, तरनतारन। पति सेना में ड्यूटी निभा रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी के देवर से अवैध संबंध बन गए। पति छुट्टी आया तो पत्नी ने उसे देवर के साथ मिलकर रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। यह खुलासा पुलिस ने सोमवार को सैनिक की हत्यारोपी उसकी पत्नी व उसके देवर को गिरफ्तार करने के बाद किया।
गांव फतेहपुर बदेशा निवासी 32 वर्षीय हरप्रीत सिंह सिख रेजिमेंट में सिपाही था। उसकी ड्यूटी कारगिल की चोटियों पर थी। 29 अगस्त को हरप्रीत सिंह दो सप्ताह की छुट्टी लेकर घर आया था और 31 अगस्त की सुबह हरप्रीत सिंह का रईया को जाती नहर में (गांव उप्पल के पास) लहूलुहान शव मिला, जबकि उसकी कार नहर के किनारे मिली। कार के शीशे टूटे हुए थे। थाना प्रभारी प्रीतइंदर सिंह ने मृतक सैनिक का शव कब्जे में लेकर पिता धर्म सिंह के बयानों पर अज्ञात लोगों खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो परत दर परत खुलने लगा।
यह है मामला
सैनिक हरप्रीत सिंह की पत्नी लवप्रीत कौर ने बताया कि रात को उसके पति के मोबाइल पर साथी सैनिकों का फोन आया था कि उसका सामान दिल्ली में छूट गया है। उक्त सामान लेने के लिए हरप्रीत सिंह कार से रईया के लिए रवाना हुआ था।
ऐसे खुला भेद
एसएसपी दर्शन सिंह मान ने बताया कि डीएसपी प्यारा सिंह की अगुआई में थाना प्रभारी प्रीतइंदर सिंह और ड्यूटी अफसर बलराज सिंह ने जांच के दौरान सैनिक हरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी लवप्रीत कौर के फोन कॉल की डिटेल खंगाली। एसएसपी ने बताया कि जांच में यह समाने आया कि सैनिक हरप्रीत सिंह के चचेरे भाई भुपिंदर सिंह के साथ लवप्रीत कौर के पांच वर्ष से अवैध संबंध थे। हरप्रीत सिंह सेवानिवृत्त होकर घर आने वाला था।
लवप्रीत कौर ने अपने रास्ते से पति को हटाने के लिए 30 अगस्त की रात साढे 12 बजे प्रेमी भुपिंदर सिंह को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर पहले गला घोंट हत्या की फिर शव को कार में रख रईया नहर की ओर ले गए। एसएसपी ने बताया कि इस हत्या पर पर्दा डालने के लिए अपने प्रेमी देवर के साथ साजिश रची।
इसी साजिश के तहत उसने मृतक के शरीर पर कई जख्म किए, ताकि यह मामला लूटपाट का लगे। आरोपी लवप्रीत कौर और भुपिंदर सिंह को सोमवार थाना वैरोंवाल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः 65 साल के दिव्यांग ने घर में काम करने वाली नाबालिग लड़की से किया दुष्कर्म