संगरूर में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक, पंजाब सरकार पर बोला हमला, नशा और भ्रष्टाचार को लेकर उठाए सवाल
संगरूर में हुई भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में नेताओं ने नशा, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मान सरकार को घेरा तथा मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।

पंजाब भाजपा कार्यकारी की बैठक में मौजूद सीनियर नेता।
HighLights
परविंदर सिंह हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग।
पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नशा कारोबार पर घेरा।
किसानों की समस्याओं और मंडी प्रबंधन में सरकार विफल।
जागरण संवाददाता, संगरूर। पंजाब भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक शुक्रवार को स्थानीय सनराइज पैलेस में आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय प्रधान केवल सिंह ढिल्लो, राज्यसभा सदस्य चरण चुघ, राजिंदर गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखल, अश्वनी शर्मा सहित समूह लीडरशिप ने शिरकत की। प्रदेश अध्यक्ष भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों ने मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह की हत्या को बेहद दुखद और गंभीर घटना बताया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में पंजाब पुलिस और राज्य सरकार पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। इसी कारण उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई से जांच कराने की मांग की। ढिल्लों के अनुसार, इस संबंधी वह पहले ही पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिख चुके हैं। भाजपा का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, नशे के कारोबार, भ्रष्टाचार व किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। पंजाब को लूटपाट, भ्रष्टाचार, नशे और गुंडागर्दी से बचाने की जरूरत है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार का प्रभाव जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा।
यह भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड पर अमित शाह का पंजाब सरकार से सवाल- 'कौन करेगा जनता की सुरक्षा'
परविंदर हत्याकांड में मांगा जाएगा जवाब
सुनील जाखल ने दावा किया कि प्रदेश में ऐसी स्थिति बन गई है, जहां लोग न्याय पाने के लिए कानून अपने हाथ में लेने को मजबूर हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस्तीफे की परविंदर सिंह झोटा के परिवार द्वारा की जा रही मांग पर जाखल ने कहा कि वह भी मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर वह खुद केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा बुलाई गई समीक्षा बैठक पर भी सवाल उठाए उन्होंने एक ड्रग इंस्पेक्टर से जुड़े कथित मामले का जिक्र करते हुए पूछा कि जब संबंधित अधिकारी पर नशे की बिक्री को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगे थे और करोड़ों रुपये की नकदी तथा सोना बरामद होने की बात सामने आई थी, तो उसे दोबारा मुख्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी क्यों दी गई?
उन्होंने इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने मंडियों में धान की फसल को लेकर किसानों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राज्य सरकार पर खरीद और मंडी प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा ने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- 'अदाणी पोर्ट से नशा फैलाने वाले अब पंजाब बर्बाद करने...', अमित शाह के ट्वीट पर केजरीवाल का पलटवार
संगठन को मजबूत करने पर भाजपा का जोर
भाजपा नेता दियाल सिंह सोढ़ी ने कहा कि पार्टी की कार्यकारिणी बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी चुनावों को लेकर प्रभावी रणनीति तैयार करना है। पंजाब में भाजपा आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच जाएगी।
राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाएगी। संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों के आधार पर भाजपा आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देगी।
