यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जीएसटी की आड़ में पांच फर्मों ने सरकार को लगाया 6 करोड़ का चूना
पांच फर्मों ने फर्जीवाड़ा कर 80 करोड़ रुपये के जाली बिल काट लिए। इसके कारण सरकार को करोड़ों का जीएसटी की नुकसान हुआ।

जेएनएन, सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। जाली बिलों के माध्यम से सरकार को करोड़ों रुपये की चपत लगाई गई है। सारा फर्जीवाड़ा पिछले छह माह के दौरान किया गया है। जाली बिलों के जरिए जीएसटी की आड़ में इस गोरखधंधे को अंजाम देने वालों की कराधान विभाग ने उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।
इस गोरखधंधे में शामिल लोगों ने करीब 80 करोड़ रुपये के जाली बिल काटकर इन बिलों पर लगाए करीब 6 करोड़ रुपये के जीएसटी का हेरफेर किया है। जाली बिल काटकर पंजाब से बाहर भी भेजे गए। पांच फर्म मालिकों ने खुद अपने नाम पर नहीं, बल्कि अपने मुलाजिमों के नाम पर भी इस धंधे को अंजाम दिया है। करीब 10 वर्ष पहले सेल्स टैक्स विभाग ने जाली बिल काटकर वैट (वैल्यू एडिड टैक्स) की आड़ में चूना लगाने वाले फर्मों के संचालकों को दबोचा था।
उन्हीं संचालकों के तार इस ताजा मामले से जुड़ रहे हैं। ईटीओ रोहित अग्रवाल ने कहा कि मामला विभाग के ध्यान में आ गया है और उच्चाधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। तीन-चार फर्मों की तरफ से जाली बिल काटने की जानकारी मिली है। जांच करके जल्द ही मामले की सच्चाई को सामने लाया जाएगा।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : एक्साइज कमिश्नर
एक्साइज विभाग के कमिश्नर दरबारा सिंह ने कहा कि पिछले सप्ताह ही इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। विभाग ने सोमवार को इस मामले की पूरी गंभीरता व बारीकी से जांच शुरू कर दी है। जाली बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये का चूना लगाने वालों पर कानून के मुताबिक कारवाई की जाएगी। जांच के बाद ही फर्मों के बारे में खुलासा होगा।