यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 25, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शातिर युवकों ने दो लड़कियों के जरिये 18 महिलाओं को फंसाया जाल में
दो युवकों ने पहले दो युवतियों को जाल में फंसाया और फिर उनके माध्यम से 18 लड़कियों को ठगी का शिकार बना दिया।

जेएनएन, घनौली [रूपनगर]। ये युवक बड़े शातिर निकले। उन्होंने पहले एक बीमा कंपनी में एजेंट के रूप में काम करने वाली घनौली क्षेत्र की दो लड़कियों को अपने जाल में फंसाया और फिर उनके माध्यम से एक-एक कर लगभग 18 महिलाओं को ठगी का शिकार बना दिया। उन्होंने महिलाओं से कर्ज दिलाने के लिए फाइल बनाने के नाम पर ठगी की। कर्ज नहीं मिला तो महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस के पास शिकायत की।
आरोपित झांसा देते थे कि भारत सरकार द्वारा महिलाओं की भलाई के लिए विशेष स्कीमें चलाई जा रही हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को अपना काम शुरू करने के लिए बिना किसी गारंटी के कर्ज दिया जा रहा है। इस कर्ज पर 50 फीसद सब्सिडी भी दी जा रही है। जब महिलाएं झांसे में आ जाती थी तो इनसे फाइल खर्च तथा कर्ज पास करवाने के नाम पर कमीशन के रूप में प्रति सदस्य 10 हजार रुपये वसूला।
पिछले तीन-चार साल से यह गोरखधंधा चल रहा था। पोल तब खुली जब रुपये देने के बावजूद महिलाओं को कर्ज नहीं मिला। इसके चलते एक दर्जन के करीब महिलाओं ने एक लड़की के खिलाफ एसएसपी राजबचन सिंह संधू के पास शिकायत दी। जांच में लड़की के पारिवारिक सदस्यों ने अपनी लड़की के बदनामी तथा पुलिस के डर के कारण करीब 6 महिलाओं को अपनी जेब से रुपये वापस करने का वादा किया।
इसमें से काफी राशि वापस भी की जा चुकी है। थाना सदर रूपनगर के एसएचओ राजपाल सिंह गिल ने कहा कि दोनों पक्षों को को बुलाया गया है। धोखाधड़ी का शिकार हुईं महिलाओं की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है। लेकिन 18 महिलाओं की शिकायत मिली है।
कनाडा भेजने के नाम पर 23 लाख की ठगी, दो नामजद
उधर, होशियारपुर में विदेश भेजने के नाम पर 23 लाख ठगने के आरोप में मॉडल टाउन पुलिस ने दो युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने परमजीत कौर निवासी सेंट्रल टाउन के बयान पर कर्ण कपूर और पवन कुमार तिवारी निवासी मोहाली पर केस दर्ज किया है। पीडि़ता ने बताया है कि कर्ण और पवन ने बेटे को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने का झांसा देकर उससे 23 लाख रुपए लिये हैं। आरोपितों ने न तो बेटे को कनाडा भेजा और न ही पैसे लौटाए। पैसे मांगने पर धमकियां दे रहे हैं।
विदेश भेजने का झांसा दे 12 लाख की ठगी
वहीं, होशियारपुर के चब्बेवाल में मलेशिया भेजने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगने के आरोप में थाना चब्बेवाल की पुलिस ने एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने गांव ककों की हरमेश कौर की शिकायत पर कुकड़ां के मनप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीडि़ता ने बताया कि उक्त आरोपित ने उसके लड़के को मलेशिया भेजने के लिए उससे 12 लाख लिए थे। लेकिन, न तो उसे मलेशिया भेजा और न ही पैसे लौटाए।