एक ओर संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट, दूसरी तरफ मेनिफेस्टो पर बैठक; पंजाब चुनाव को लेकर फुल एक्शन मोड में कांग्रेस
पटियाला में पंजाब कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र के मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।

पटियाला में आयोजित की गई बैठक (जागरण फोटो)
HighLights
पटियाला में कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई
आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र पर विस्तार से चर्चा की गई
नवंबर तक घोषणापत्र तैयार कर दिसंबर अंत तक जारी होगा
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव और नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पटियाला में कांग्रेस मेनीफेस्टो कमेटी की अहम बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों ने हिस्सा लिया।
बैठक में विभिन्न वर्गों की समस्याओं और आगामी चुनावी घोषणापत्र के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मेनीफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह ने बताया कि बैठक में लगभग 21 संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और मुद्दे समिति के सामने रखे।
लुधियाना और जालंधर में भी होंगी बैठकें
कई सुझाव लिखित रूप में भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य नवंबर तक एक ऐसा समावेशी घोषणापत्र तैयार करना है, जिसमें समाज के हर वर्ग की समस्याओं और मांगों को उचित स्थान मिल सके। अमृतसर और चंडीगढ़ के बाद अब लुधियाना और जालंधर में भी ऐसी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
कमेटी की कोशिश है कि नवंबर के अंत तक घोषणापत्र तैयार कर इसे एआइसीसी को भेज दिया जाए, ताकि दिसंबर के अंत तक आधिकारिक तौर पर जारी किया जा सके। इस दौरान उन्होंने पंजाब के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों जैसे नशा, कर्ज, भ्रष्टाचार, प्रदूषण और पीने के पानी का विशेष रूप से उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी से मिलने 10 जनपथ पहुंचे राजा वड़िंग, नए प्रधान पर आज फैसला संभव; पंजाब में बड़े फेरबदल की तैयारी
विभिन्न वर्ग के लोग रह मौजूद
किसानों, मजदूरों, कारोबारियों, आढ़तियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और एनजीओ के प्रतिनिधियों से भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में साधु सिंह धर्मसोत, राजपुरा के पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज, समाना के पूर्व विधायक काका राजिंदर सिंह, कांग्रेस महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा और सनौर हलका प्रभारी हैरी मान सहित कई नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस में नेताओं को विचार खुलकर रखने की स्वतंत्रता: डॉ. गांधी
पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने कहा कि कांग्रेस में नेताओं को अपने विचार खुलकर रखने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन दलों में सभी फैसले एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द केंद्रित होते हैं जबकि कांग्रेस में असहमति और अलग विचारों को भी स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है।
अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पंजाब में नशे की गंभीर समस्या को उठाते हुए कहा कि नशा तस्करी रोकने के लिए वह संसद में लगातार एंटी ड्रोन सिस्टम और ट्रक स्कैनर लगाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चंडीगढ़, पंजाब यूनिवर्सिटी, राज्य के पानी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा। पूर्व मंत्री परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों पर कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसे साथ देंगे।
