पंजाब में ट्रैक्टर यात्रा में बोले राहुल गांधी - मोदी ने देश को कमजोर किया, चीन दिखा रहा आंखें
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली का आखिरी दिन है। वह आज पंजाब से हरियाणा में प्रवेश करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाने साधे। राहुल ने कहा कि मोदी ने देश को कमजोर किया।
पटियाला/ संगरूर, जेएनएन। शहीद ऊधम सिंह की जन्मभूमि जिला संगरूर और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के गृह जिला पटियाला से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी ने कहा मोदी की देश विरोधी नीतियों के कारण भारत कमजोर हुआ है। इसी कारण चीन ने हमारे सैनिकों को मारने का दुस्साहस किया। आज चीन हमें आंखें दिखा रहा है। नए कृषि सुधार कानून देश विरोधी कदम की ताजा मिसाल हैैं।
कहा, मोदी बनाना चाहते हैैं किसानों को गुलाम, पूंजीपतियों के लिए रास्ता कर रहे साफ
राहुल गांधी ने कहा कि चीन को एहसास हो गया है कि मोदी ने भारत को कमजोर कर दिया है और चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा करने के लिए इस बात का फायदा उठाया। मोदी के दावे के मुताबिक चीनी सैनिक भारत में दाखिल नहीं हुए तो वह हमारे 20 सैनिकों को कैसे मार सकते हैं, जोकि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र में थे।
राहुल ने कहा कि मोदी ने देश की कमर तोड़ दी है और नए कृषि कानून किसानों की आजादी छीन लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी मंडीकरण, किसान, एमएसपी के सिस्टम को खत्म करके किसानों को गुलाम बनाना चाहते है। कांग्रेस इसका विरोध करेगी और किसानों व मजदूरों के लिए हम एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों की शक्ति को नहीं पहचानते हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोच रहे है कि नए कृषि कानूनों से किसानों और खेत मजदूरों को नुकसान नहीं होगा, वे गलत सोच रहे है। यह देश के फूड सिस्टम पर कब्जा करने की कोशिश है। जैसे अंग्रेजों ने भारत के अन्न पर कब्जा करने की कोशिश की, वही कवायद अब फिर हो रही है। नए कानून देश में मंडीकरण खत्म करके किसानों को अडानी व अंबानी जैसे पूंजीपतियों का गुलाम बना देंगे। मोदी पूंजीपतियों के लिए रास्ता साफ कर रहे हैं।
राहुल ने कहा, 'मैं मानता हूं कि एमएसपी सिस्टम में खामियां हैं। अन्न को रखने के लिए साइलोज बनाने होंगे। फसल की खरीद के सिस्टम की कमी को दूर करने के लिए सुधार होना चाहिए न की इसे खत्म किया जाना चाहिए।' उन्होंने कहा कि मोदी लाखों मजदूरों को बेरोजगार करने पर तुले हुए हैं। पहले जीएसटी लागू करके लाखों छोटे दुकानदारों का धंधा चौपट कर दिया, पर वह यह भूल गए कि अडानी और अंबानी रोजगार पैदा नहीं करते। रोजगार पैदा करने वाले छोटे दुकानदार व व्यापारी अब जीएसटी के चक्रव्यूह में फंस गए हैैं।
राहुल ने कोरोना के संबंध में प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने के आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी ने दावा किया था कि महामारी के खिलाफ 22 दिन में जंग जीत ली जाएगी लेकिन क्या ऐसा हुआ नहीं। अगर ऐसा है, तो फिर लोग मास्क क्यों पहन रहे हैं। संगरूर में जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व कांग्रेस प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ के साथ राहुल ने ट्रैक्टर यात्रा भी की।
पीएम बनेंगे राहुल, कृषि कानून होगा रद: कैप्टन
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे और काले कृषि कानून को रद कर देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसान और आढ़तियों के आपसी रिश्तों के बारे में नहीं जानती है। किसान देर रात जरूरत पडऩे पर आढ़ती का दरवाजा खटखटाकर जरूरत अनुसार पैसा ले लेता है। उन्होंने सवाल किया कि अगर अडानी और अंबानी जैसे लोगों का कब्जा हो गया तो क्या किसान जरूरत पडऩे पर मुंबई जाकर उनका दरवाजा खटखटा सकता है?
यह भी पढ़ें: 'गुरु' सिद्धू ने मोगा में लगाए छक्के, लुधियाना में आउट, Punjab Congress के लिए हुए 'पराये'
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की रैली में मंच से अपनी ही सरकार को असहज कर गए नवजोत सिंह सिद्धू, जमकर घेरा
यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi tractor rally: राहुल बोले- 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें