चितकारा यूनिवर्सिटी हंगामे पर पुलिस का एक्शन, उकसाने और माहौल बिगाड़ने वाले दो साजिशकर्ता दबोचे
चितकारा यूनिवर्सिटी परिसर में अफवाह फैलाकर छात्रों को भड़काने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
पटियाला पुलिस ने चितकारा यूनिवर्सिटी हंगामे में दो को गिरफ्तार किया।
आरोपितों पर सोशल मीडिया से छात्रों को भड़काने का आरोप है।
एफआईआर में 10 अन्य नामजद, बाकी की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, पटियाला। चितकारा यूनिवर्सिटी, राजपुरा में 25-26 सितंबर की मध्यरात्रि को छात्रों द्वारा किए गए हंगामे की घटना के संबंध में पटियाला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक अफवाहें फैलाकर छात्रों को भड़काने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान हिमांशु निवासी नंगल और आर्यन निवासी अंबाला के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद इसमें शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना बनूड़ में एफआईआर दर्ज की गई थी और बड़े स्तर पर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान छात्रों और अन्य शरारती तत्वों द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से फैलाए गए झूठे संदेशों तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की भी गहनता से जांच की गई।
यह भी पढ़ें- बेअदबी कानून पर 6 अक्टूबर को होगा मंथन, चंडीगढ़ में बैठेगी 7 सदस्यीय कमेटी; अकाल तख्त के सुझावों पर होगी चर्चा
भ्रामक संदेश के कारण भड़के स्टूडेंट्स
जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों ने विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुपों के माध्यम से भ्रामक संदेश फैलाकर छात्रों को भड़काया और उकसाया, जिसके कारण यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कुल मिलाकर, दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 अन्य व्यक्तियों को एफआईआर में नामजद किया गया है। बाकी आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों को विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- संगरूर में सनमदीप मौत मामले पर सचिन पायलट ने घेरा, पूछा- परिवार की सहमति के बिना क्यों हुआ अंतिम संस्कार?
पुलिस की जांच जारी
गलत सूचना फैलाने, छात्रों को भड़काने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा सरकारी कर्मचारियों को उनके सरकारी कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालने में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
