विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर में सनमदीप मौत मामले पर सचिन पायलट ने घेरा, पूछा- परिवार की सहमति के बिना क्यों हुआ अंतिम संस्कार?

By Dr Sumit Singh SheoranEdited By: Prince Sharma
Published: Fri, 02 Oct 2026 12:17 PM (IST)

संगरूर में वंचित वर्ग के युवक सनमदीप सिंह की मौत और परिवार की कथित सहमति के बिना अंतिम संस्कार मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट (फाइल फोटो)

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सनमदीप सिंह की मौत और बिना सहमति अंतिम संस्कार पर विवाद

  2. सचिन पायलट ने पंजाब सरकार से मामले पर जवाब मांगा

  3. कांग्रेस नेता राजिंदर दीप की गिरफ्तारी की भी निंदा की

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब के संगरूर में वंचित वर्ग से संबंध रखने वाले युवक सनमदीप सिंह की मौत और उसके बाद परिवार की कथित सहमति के बिना अंतिम संस्कार कराए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीर और संवेदनशील बताते हुए पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में यदि एक परिवार न्याय की मांग को लेकर कई दिनों तक संघर्ष करता है और आखिरकार उसके मृत परिजन के अंतिम संस्कार में भी उसे शामिल होने का अवसर नहीं मिलता, तो यह कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

पायलट ने कहा कि सनमदीप की मौत से पहले उसके परिवार की ओर से गांव के सरपंच और अन्य लोगों पर दबाव और धमकियों के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने बाद में सरपंच समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।

उन्होंने कहा कि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बनीं कि परिवार को न्याय के लिए शव के साथ धरने पर बैठना पड़ा। एक अक्टूबर को पुलिस कार्रवाई के दौरान परिवार और प्रदर्शनकारियों को हटाए जाने तथा पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराए जाने को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ। परिवार का आरोप है कि उसकी सहमति के बिना अंतिम संस्कार कराया गया, जबकि पुलिस का कहना है कि शव की हालत खराब हो रही थी और परिवार को कई बार नोटिस दिए गए थे।

सचिन पायलट ने कांग्रेस नेता राजिंदर दीप की गिरफ्तारी की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को डराने या दबाने के बजाय सरकार को इन गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। पायलट ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।