बड़ी कार के लालच ने दूल्हे काे शादी के मंडप से पहुंचाया हवालात
पंजाब के मुक्तसर साहिब में बड़ी गाड़ी के लालच ने एक दूल्हे को हवालात में पहुंचा दिया। हुआ यूं कि गुरुद्वारे में शादी के लिए आनंद कारज हो रहा था, दूल्हे ने बड़ी कार के लिए रकम की मांगी, दुल्हन पक्ष कार व दहेज के 13 लाख दे चुका था।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। गए थे सेहरा बांधकर शादी के लिये, लेकिन लालच ने दूल्हे को हवालात पहुंचा दिया। घटना शहर के बठिंडा रोड स्थित गुरुद्वारा श्री तरनतारन साहिब में शुक्रवार को हुई। वहां शादी आनंद कारज पाठ के दौरान दूल्हे ने दहेज में बड़ी गाड़ी देने की मांग की। दुल्हन पक्ष ने कार तो दी थी, लेकिन दूल्हे को यह नहीं भायी। लाख समझाने पर दूल्हा नहीं माना और शादी से इन्कार कर दिया तो पुलिस का सूचना दी गई। पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें : प्रभू की 'कृपा' से देर रात ट्रेन में गिरने से घायल बच्चे को मिला ट्रीटमेंट
दुल्हन के पिता गोनियाना रोड निवासी बलजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि दूल्हा का परिवार को उनकी मांंग के अनुरूप दहेज की रकम और गाड़ी के लिए रुपये भी दे दिए थे। उन्होेंने बताया कि कुछ माह पहले उनकी पुत्री की सगाई चक सहेलेवाला के रूप सिंह के बेटे हरदीप सिंह के साथ हुई थी।
दुल्हन के पिता ने बताया कि लड़के वालों की मांग पर विवाह में 15 लाख रुपये खर्च करने का फैसला होने हुआ। इस रकम में से 13 लाख रुपये लड़के वालों को देना तय हुआ और उन्होंने 13 लाख की यह रकम दूल्हा पक्ष काे दे दी। इस रकम में से दूल्हा पक्ष को कार भी खरीदनी थी।
दूल्हे के शादी से इन्कार करने के बाद उसे समझाते दुल्हन पक्ष के लोग।
गुरुद्वारा साहिब में शुक्रवार को आनंद कारज हो रहा था। इसी दौरान, चार लांव की रस्म के बाद दूल्हा हरदीप सिंह उठ खड़ा हुआ। वह कहने लगा कि उसे छोटी गाड़ी नहीं बड़ी गाड़ी चाहिए, इसके लिए और रकम देा तभी वह शादी करेगा। वह समझाने के बाद भी नहीं माना और अपनी पगड़ी उतार कर कहा कि वह इस शादी को नहीं मानता है। लड़की को साथ नहीं लेकर जाएगा। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया।
मामला गंभीर होता देख गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी बलवंत सिंह ने दरबार साहिब के मैनेजर जरनैल सिंह से संपर्क किया। जरनैल सिंह ने मामले की गंभीरता देख एसएसपी गुरप्रीत सिंह गिल को श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने की सूचना दी। इसके बाद सिटी पुलिस वहां पहुंच गई।
पुलिस ने दूल्हा हरदीप को मौके से गिरफ्तार कर लिया। थाना सिटी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि हरदीप सिंह के खिलाफ श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि दहेज का मामला जांच के बाद दर्ज किया जाएगा।