विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परविंदर झोटा हत्याकांड: 15 अक्टूबर को 'पंजाब बंद' का एलान, मोगा समेत कई जिलों में होगा चक्का जाम

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:54 PM (IST)Updated: Wed, 14 Oct 2026 08:11 PM (IST)

परविंदर झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। एक्शन ...और पढ़ें

परविंदर झोटा हत्याकांड: 15 अक्टूबर को 'पंजाब बंद' का आह्वान। फाइल फोटो

परविंदर झोटा हत्याकांड: 15 अक्टूबर को 'पंजाब बंद' का आह्वान। फाइल फोटो

HighLights

  1. परविंदर झोटे हत्याकांड में न्याय के लिए पंजाब बंद।

  2. 15 अक्टूबर को मोगा समेत कई जिलों में चक्का जाम।

  3. एक्शन कमेटी ने सीबीआई जांच और नशा मुक्ति की मांग की।

संवाद सहयोगी, मोगा। परविंदर झोटा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान मोगा शहर के मुख्य चौक समेत जिले की विभिन्न तहसीलों के प्रमुख चौकों पर सड़कें बंद कर जाम लगाने और धरने देने का एलान किया गया है।

यह धरने शाम तक जारी रहेंगे। परमिंदर झोटे को इंसाफ दिलाने के लिए गठित एक्शन कमेटी ने विभिन्न इंसाफ संघर्ष संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और आम लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की है।

एक्शन कमेटी के सदस्य एवं नौजवान भारत सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव करमजीत मानूके ने बताया कि पिछले दिनों मानसा में नशीली गोलियां बेचने वाले मेडिकल स्टोर के मालिक अश्वनी ने कथित तौर पर परमिंदर झोटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में इंसाफ दिलाने के लिए एक्शन कमेटी का गठन किया गया है और उसकी अगुआई में मानसा में पक्का मोर्चा शुरू किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा तस्करी के लिए पुलिस और सरकार जिम्मेदार है। पुलिस, राजनेताओं और नशा तस्करों के कथित गठजोड़ के कारण प्रदेश में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री और डीजीपी से इस्तीफा लिया जाए।

ये हैं एक्शन कमेटी की प्रमुख मांगें

एक्शन कमेटी ने परविंदर झोटे के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई के डॉक्टरों से करवाने और हत्या के मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। इसके अलावा पंजाब में मेडिकल नशे, प्रेगाबालिन (प्रेगा) और चिट्टे को जड़ से खत्म करने की मांग भी उठाई गई है।

मोगा में इन स्थानों पर लगाए जाएंगे जाम

करमजीत मानूके के अनुसार, बंद के दौरान मोगा के मुख्य चौक, बाघापुराना चौक, बधनी रोड, अजितवाल रोड, धर्मकोट चौक और समालसर में सड़कें बंद कर धरने दिए जाएंगे। उन्होंने मोगा से संबंधित इंसाफ संघर्ष संगठनों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा आम लोगों से अपील की कि वे 15 अक्टूबर के पंजाब बंद में शामिल होकर परमिंदर झोटे को इंसाफ दिलाने की मांग को बुलंद करें।

अकाली दल ने दिया समर्थन

शिरोमणि अकाली दल ने भी पंजाब बंद के आह्वान को अपना समर्थन दिया है। इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान पार्टी के जालंधर जिला अध्यक्ष इकबाल सिंह ने कहा कि इस घटनाक्रम के विरोध में वीरवार 15 अक्टूबर को गुरु नानक मिशन चौक में सुबह 10 बजे धरना दिया जाएगा। इस दौरान पार्टी नेता तथा कार्यकर्ता पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर रोष प्रदर्शन करेंगे।