परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में आज पंजाब बंद, बाजारों से स्कूलों तक असर; मानसा-बठिंडा में स्कूल बंद
मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया ...और पढ़ें

परविंदर झोटा हत्याकांड: आज बंद रहेगा पंजाब। फोटो जागरण
HighLights
परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद।
15 अक्टूबर को सुबह 6 से शाम 5 बजे तक बंद।
सीबीआई जांच और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग।
जागरण टीम, जालंधर। मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में वीरवार को पंजाब बंद रहेगा। बंद के आह्वान को कांग्रेस, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल, एसजीपीसी, किसान-मजदूर संगठनों, व्यापारिक संगठनों और स्कूल वैन आपरेटर एसोसिएशन सहित कई संगठनों ने समर्थन दिया है।
विभिन्न शहरों में बाजार बंद रखने, धरने देने और रोष प्रदर्शन करने की घोषणाएं की गई हैं। बंद सुबह छह बजे से शुरू होगा, जबकि आपातकालीन सेवाओं को इससे छूट देने की अपील की गई है।
एसपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने 15 अक्टूबर को कमेटी के कार्यालय और सभी संस्थानों को बंद रखने की घोषणा की है। भाजपा ने भी बंद का समर्थन करते हुए परविंदर सिंह हत्याकांड की सीबीआइ जांच की मांग की है। एडवोकेट्स फार फार्मर्स एंड लेबरर्स ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
किसान संगठनों के साथ टोल प्लाजा बंद रखने और विभिन्न स्थानों पर धरने देने की भी सूचना है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कर्मचारी बस डिपो के गेटों पर रोष प्रदर्शन करेंगे। यूनियन ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा बसें रोके जाने की स्थिति में बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है।
कहां होंगे प्रदर्शन
- जालंधर: शिरोमणि अकाली दल सुबह 10 बजे गुरु नानक मिशन चौक में धरना देगा। भाजपा ने भी बंद का समर्थन किया है।
- मानसा-बठिंडा: स्कूल वैन आपरेटर एसोसिएशन के समर्थन के बाद अधिकांश स्कूलों ने बंद रखने की घोषणा की है।
- जलालाबाद: बाजार दोपहर एक बजे तक बंद रहेंगे। केमिस्टों की दुकानें सुबह 11 बजे तक बंद रहेंगी, इसके बाद दवाइयों की दुकानें खुल जाएंगी।
- अबोहर: सुबह 10 बजे बाजार नंबर 12 के मुख्य चौक पर धरना दिया जाएगा।
- अमृतसर: किसान मजदूर संघर्ष कमेटी गोल्डन गेट पर पंजाब सरकार का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन करेगी।
- बटाला: किसान-मजदूर संगठनों ने शहर बंद करवाने का ऐलान किया है।
बीजेपी, अकाली दल पुनर्सुरजीत, एडवोकेट्स फोर फार्मर्स एंड लेबरर्स समेत कई संगठनों ने पंजाब बंद का अपना समर्थन दिया है। हालांकि, इस बंद को लेकर क्या खुलेगा और क्या बंद, इसको लेकर अभी सरकार की तरफ से जानकारी सामने नहीं आई है। स्कूल, कॉलेज बंद को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। लोगों को परिवहन की सुविधाएं भी मिलेंगी।
क्या बोले केवल सिंह ढिल्लों
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। इस मामले की सीबीआई से उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मांग को लेकर आज पूरे पंजाब में जिला स्तर पर धरने दिए और डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सीबीआई जांच की मांग की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भी दिया समर्थन
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए भाजपा की ओर से पंजाब बंद के आह्वान का पूरा समर्थन किया जाएगा। उन्होंने पंजाब बंद को समर्थन देने का आग्रह करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में समाज के सभी वर्गों का साथ आना आवश्यक है।
शिरोमणि अकाली दल पुनर्सुरजीत ने भी दिया समर्थन
शिरोमणि अकाली दल पुनर्सुरजीत के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पुनर्सुरजीत के प्रधान ज्ञानी हरप्रीत सिंह और पार्टी परविंदर सिंह झोटे के परिवार के साथ खड़ी है और संघर्ष कमेटी की ओर से 15 अक्टूबर को दिए गए बंद की काल को पूर्ण समर्थन देंगे।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड: 15 अक्टूबर को 'पंजाब बंद' का एलान, मोगा समेत कई जिलों में होगा चक्का जाम
एडवोकेट्स फोर फार्मर्स एंड लेबरर्स ने दिया समर्थन
पंजाब बंद की कॉल को एडवोकेट्स फार फार्मर्स एंड लेबरर्स ने समर्थन दिया है। संगठन के प्रधान एडवोकेट गुरजीत सिंह काहलों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।
झोटा के पिता ने पंजाब बंद को बेमिसाल करने का किया आह्वान
परविंदर झोटा के स्वजनों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होने तक उसका अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। पिता भीम सिंह ने घोषणा की कि वीरवार सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक पंजाब बंद रहेगा।
झोटा की हत्या के विरोध में अखाड़ा में प्रदर्शन
गांव अखाड़ा के बस स्टैंड पर ग्रामीणों, महिलाओं और पुरुषों ने एकत्र होकर मानसा में नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले नौजवान परमिंदर सिंह झोटे की हत्या के विरोध में रोष प्रदर्शन किया।
