परविंदर झोटा के परिवार से कल मिलेंगे अमित शाह, बोले- चिट्टा कारोबारियों को भेजेंगे जेल; अब तक नहीं हुआ अंतिम संस्कार
ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के छह दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हुआ, परिवार CBI जांच की ...और पढ़ें
-1792349112704_m.webp)
परविंदर झोटा के परिवार से कल मिलेंगे अमित शाह। फाइल फोटो
HighLights
झोटा का शव 6 दिन से अंतिम संस्कार के लिए रुका हुआ है।
परिवार परविंदर झोटा हत्या की CBI जांच की मांग पर अड़ा।
अमित शाह 20 अक्टूबर को मानसा में पीड़ित परिवार से मिलेंगे।
संवाद सहयोगी, मानसा। ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के छह दिन बाद भी रविवार को शव का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है। 13 अक्टूबर को हुई हत्या के बाद से ही परिवार और समर्थक शहर के तिकोनी चौक पर धरना दे रहे हैं और सीबीआइ जांच की मांग पर अड़े हैं। 20 अक्टूबर को गृह मंत्री अमित शाह पीड़ित परिवार से मिलने मानसा पहुंचेंगे।
एक्स पर डाली पोस्ट में शाह ने लिखा कि आप सरकार ने पंजाब को नशे के गर्त में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भाजपा सत्ता में आई तो चिट्टा कारोबारियों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और पंजाब को नशामुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने लिखा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अपनी जान गंवाना पड़ा है। मंगलवार को वह ऐसे पीड़ित परिवारों से मानसा, संगरूर व गुरदासपुर में मुलाकात करेंगे।
विधायकों के घर के बाहर प्रदर्शन
गृह मंत्री संगरूर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर धमकी मिलने से आहत हो आत्महत्या करने वाले गुलजार के परिवार से मिलेंगे। 20 दिन के भीतर गृह मंत्री का पंजाब का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 30 सितंबर को जालंधर आए थे। दूसरी तरफ सीबीआइ जांच की मांग पर अड़ी संघर्ष कमेटी 19 अक्टूबर को दोपहर 12 से 3 बजे तक राज्य में विधायकों के घरों के बाहर प्रदर्शन करेगी।
हालांकि, घटना में घायल एंटी ड्रग टास्क फोर्स के सदस्य कुलविंदर सिंह को भी इलाज के लिए सरकार ने मना लिया है। उसकी टांग में गोली लगी है। उसे सिविल अस्पताल से बठिंडा के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। अब उसका इलाज निजी अस्पताल में होगा और सारा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी। सोमवार को छठे दिन पंजाबी सिंगर बब्बू मान, सिमरनजीत सिंह मान धरनास्थल पर पहुंचे और परिवार से संवेदना जताई।
