विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परविंदर झोटा हत्याकांड: 5 दिन बाद भी नहीं बनी सहमति, CBI जांच की मांग पर अड़े स्वजन; SGPC घायलों को देगी 5-5 लाख रुपये

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:00 AM (IST)

ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के पांच दिन बाद भी संघर्ष कमेटी और प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन पाई है, जिससे मानसा में धरना जारी है।

परविंदर झोटा हत्याकांड: SGPC घायलों को देगी 5-5 लाख रुपये। फोटो जागरण

परविंदर झोटा हत्याकांड: SGPC घायलों को देगी 5-5 लाख रुपये। फोटो जागरण

HighLights

  1. परविंदर झोटा हत्याकांड पर मानसा में धरना जारी, नहीं बनी सहमति।

  2. एसजीपीसी ने घायलों को पांच-पांच लाख रुपये और मुफ्त इलाज की घोषणा की।

  3. परिवार सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा, शव का अंतिम संस्कार रुका।

जागरण संवाददाता, मानसा। ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के पांच दिन बाद भी संघर्ष कमेटी और प्रशासन के बीच मांगों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। कमेटी का तिकोनी चौक और सिविल अस्पताल परिसर में धरना जारी है।

स्वजन सीबीआइ जांच की मांग पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार न करने पर अड़े हैं। शनिवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने झोटा के परिवार से मुलाकात की।

धामी ने सिविल अस्पताल में भर्ती घटना के चार घायलों का हाल जाना और प्रत्येक को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें ढाई लाख रुपये इलाज के लिए और ढाई लाख रुपये सहायता राशि के तौर पर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चारों घायलों का इलाज गुरु रामदास मेडिकल यूनिट में कराया जाएगा। परिवार किसी अन्य अस्पताल में इलाज कराना चाहे, तो उसका पूरा खर्च भी एसजीपीसी उठाएगी।

गाड़ी घेरकर की नारेबाजी

धामी ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा की तस्वीर सिख केंद्रीय अजायब घर में लगाई जाएगी। एक दिन पहले श्री अकाल तख्त ने झोटा को बलिदानी घोषित किया था। उधर, घायलों का हाल जानने सिविल अस्पताल पहुंचे विधायक डा. विजय सिंगला को झोटा समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा। समर्थकों ने उनकी गाड़ी घेरकर नारेबाजी की, जिसके बाद वह लौट गए।

मानसा में 13 अक्टूबर को केमिस्ट शाप के मालिक ने परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह नशा बेचने का विरोध करने पहुंचे थे। हत्या के बाद से परिवार और समर्थक तिकोनी चौक पर धरना दे रहे हैं। प्रशासन ने हत्या के आरोपित केमिस्ट अश्विनी का असलहा लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

महिलाओं से काली चुनरी लेकर विरोध करने की अपील

धरने में शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्षढिल्लों ने मामले की सीबीआइ जांच की मांग दोहराई है। उन्होंने लोगों से आप सरकार के खिलाफ रोष जताने के लिए काली पगड़ियां बांधने और महिलाओं से काली चुनरी लेकर विरोध करने की अपील की।

ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है और भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर साथ देगी।