विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Weather: जनवरी में जमा देने वाली सर्दी, घने कोहरे की चपेट में पंजाब; इस दिन बारिश होने से और बढ़ेगी ठंड

Published: Sun, 07 Jan 2024 08:51 AM (IST)

Punjab Weather Update पंजाब में धुंध और शीतलहर का प्रकोप बरकरार हैं। ठंड के दौर में अमृतसर और गुरदासपुर सबसे ...और पढ़ें

जनवरी में जमा देने वाली सर्दी, घने कोहरे की चपेट में पंजाब
जनवरी में जमा देने वाली सर्दी, घने कोहरे की चपेट में पंजाब

HighLights

  1. जनवरी में जमा देने वाली सर्दी, घने कोहरे की चपेट में पंजाब
  2. पंजाब में दो दिन बारिश होने की संभावना और बढ़ेगी ठंड
  3. आज पंजाब में छाएगी घनी धुंध

जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab Weather Update Today: पंजाब में धुंध और शीतलहर का प्रकोप बरकरार हैं। ठंड के दौर में अमृतसर और गुरदासपुर सबसे ठंडे रहे। इन दोनों जिलों में दिन व रात का तापमान एक जैसा रहा।

अमृतसर में दिन का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह गुरदासपुर में दिन का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अमृतसर और गुरदासपुर रहे सबसे ठंडे

अमृतसर में दिन का तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं गुरदासपुर में दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं बठिंडा में दिन का तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

किस जिले में कितना रहा तापमान

यहां दिन का तापमान सामान्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस कम और रात का तापमान दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। वहीं, लुधियाना में भी दिन का तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम और रात का तामपान दो डिग्री ज्यादा रहा। जबकि पंजाब के अन्य जिलों में दिन का तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

आज पंजाब में छाएगी घनी धुंध

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को पंजाब में घनी धुंध ( Dense Fog in Punjab) पड़ सकती है। शाम को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जगहों पर बादल छाएं रह सकते हैं। जबकि आठ व नौ जनवरी को हल्की से मध्यम वर्षा (Rain in Punjab) हो सकती है।

बारिश होने से पंजाब में छाई धुंध की परत हट जाएगी और मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि, बारिश होने से ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार: बारिश से और बढ़ेगी ठिठुरन, कई जिलों में छाएगा घना कोहरा; पढ़ें मौसम का हाल

अमृतसर में ऐसा रहा मौसम का मिजाज

अमृतसर में शुक्रवार दोपहर को धूप निकलने से लोगों ने ठंड से कुछ राहत महसूस की थी, लेकिन शनिवार को दिनभर कोहरा छाया रहा। पूरा दिन शीत लहर चलने के कारण बेहद ज्यादा ठंडक और ठिठुरन भी महसूस की गई। इसका नतीजा है कि तापमान में एक बार फिर से गिरावट आ गई और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए। हालात यह थे कि कोहरे और ठंड के बीच बाजारों में चहल-पहल कम थी।

एयरपोर्ट मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम विजिबिलिटी 50 मीटर तक दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- पंजाब में कड़ाके की ठंड से कांपे लोग, लुधियाना सहित छह जिलों में टूटा रिकॉर्ड; दो दिन बारिश होने से और बढ़ेगी सर्दी